पटना सहित बिहार के 17 जिलों में पछुआ हवा से गिरा तापमान, गया में ठंड का तीन साल का रिकार्ड टूटा

पटना। पछुआ और उत्तर पछुआ हवा की रफ्तार में तेजी आने से पटना सहित बिहार के 17 जिलों के तापमान में गिरावट आई है। वहीं शेष जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार प्रदेश के गया जिला दूसरे दिन भी सबसे ठंडा शहर रहा। हिमालय के पहाड़ों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है। पछुआ हवा के साथ इसका असर बिहार तक पहुंच रहा है।
गया में टूटा तीन साल का पुराना रिकार्ड
2019 में 22 नवंबर को गया का न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। वहीं तीन वर्षो बाद 18 नवंबर को गया का न्यूनतम तापमान का रिकार्ड टूटा। यहां पर 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तीन वर्षो बाद गया के न्यनूतम तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट आई है। वही मौसम विज्ञान के अनुसार प्रदेश में उत्तर पछुआ हवा की गति 10-12 किमी प्रतिघंटा है। इनके प्रभाव से ठंड में वृद्धि होने के साथ पारे में भी आंशिक गिरावट की संभावना है। वहीं राजधानी के न्यूनतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की गिरावट के साथ 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रात के तापमान में क्रमिक गिरावट के आसार
मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में उत्तर पछुआ हवा की मजबूत स्थिति बने होने के कारण ग्रामीण व शहरी इलाकों में धुंध की स्थिति बनी रहेगी। वहीं रात के तापमान में पारे में क्रमिक गिरावट होने के आसार हैं। ग्रामीण व शहरी इलाकों में सुबह के समय धुंध की स्थिति बने रहने के आसार हैं। वहीं आसमान साफ रहने के साथ धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।

About Post Author

You may have missed