November 14, 2025

उन्माद और इडी, CBI भाजपा के राजनीतिक अस्त्र : राजीव रंजन

पटना। भाजपा को निशाने पर लेते हुए JDU के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता राजीव रंजन ने आज कहा कि इंडिया गठबंधन के बढ़ते जनाधार से घबरायी भाजपा अब उन्माद फैलाने और ED व CBI के खुलेआम दुरुपयोग पर उतर आई है। उन्होंने आगे कहा कि हकीकत में यह दोनों ही अब भाजपा के राजनीतिक हथियार बन चुके हैं, जिनका प्रयोग यह मौका देख कर करते रहते हैं। गौर करें तो देश के किसी भी हिस्से में जहां भाजपा कमज़ोर होती है वहां सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की घटनायें जरुर होती है। बाद में उसके तार BJP या उसके समर्थक दलों से भी जरुर जुड़ जाते हैं। इसी तरह जो नेता इनके खिलाफ खड़ा होता है उस पर जांच एजेंसियों का दुरूपयोग कर दर्जनों केस लाद दिए जाते हैं। इनका स्पष्ट संदेश है कि जनता हो या नेता, जो भी इनके खिलाफ रहेगा उसका जीवन यह लोग बर्बाद कर देंगे। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का पूरा तंत्र आज आग और दाग लगाने की नीति पर काम कर रहा है। केंद्रीय एजेंसियां इनकी एजेंट बनी हुई है। भाजपा पहले जांच एजेंसियों के द्वारा अन्य पार्टीयों के नेताओं के दामन पर भ्रष्टाचार या अन्य अपराधों के दाग लगवा कर उन्हें अपने पाले में आने को मजबूर करती है और जैसे ही वह नेता भाजपा में शामिल होता है, जांच एजेंसियां उन्हें ‘क्लीन चिट’ के पाउडर से साफ़ कर देती हैं। बाद में नमो मन्त्र का जाप उन्हें राष्ट्रवादी भी बना देता है।

वही नाम गिनाते हुए JDU महासचिव ने कहा कि नारायण राणे, सुवेंधु अधिकारी, हिमंत बिस्वा सरमा, भावना गवली, यशवंत जाधव, MLA यामिनी जाधव, प्रताप सरनाईक और बीएस येदियुरप्पा जैसे कई नेता हैं जिनपर पहले भ्रष्टाचार के आरोप थे, लेकिन भाजपा में शामिल होने के बाद सबके खिलाफ जांच बंद कर दी गई। यहां, तक कि कुछ नेताओं के हाथों में राज्यों की कमान तक सौंप दी गयी। भाजपा को बताना चाहिए कि आखिर उनमें शामिल होते ही भ्रष्टाचारी सदाचारी कैसे बन जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि वास्तव में मोदी शाह के नेतृत्व में केंद्र सरकार अब निरंकुश हो चुकी है। तानाशाह की तरह वह अब देश से विपक्ष को समाप्त कर देना चाहते हैं। जो भी इनकी दासता स्वीकार कर लेता है, उसे यह छोड़ देते हैं लेकिन जो इनके सामने सर झुकाने से इंकार कर देते हैं उसे यह जांच एजेंसियों का दुरूपयोग कर कई केस लाद कर जेल में डाल देते हैं। बहरहाल BJP यह जान ले कि उसकी तानाशाही के सामने महागठबंधन झुकने वाला नहीं है। बिहार ने बड़े-बड़े अहंकारियों के पर कतरे हैं। 24 के चुनाव में उनके रथ को बिहार ही रोकेगा।

You may have missed