लखीसराय में 14 सूत्री मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे वार्ड सदस्य, सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन

लखीसराय। लखीसराय में 14 सूत्री मांगों को लेकर वार्ड सदस्य संध के बैनर तले जिला समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संघ के सदस्यों ने सरकार के सौतेलेपन रवैये के खिलाफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। वार्ड सदस्यों ने कहा कि सरकार की उपेक्षापूर्ण रवैये एवं मुखिया की मनमानी तरीके से कार्य निष्पादन किए जाने के कारण मजबूर होकर संगठन बनाने के साथ व्यवस्था के खिलाफ अपनी मांगो के समर्थन में धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। इस मौके पर वार्ड संध के जिला अध्यक्ष अमित कुमार ने वार्ड सदस्यों को अपने हक के लिए संगठित होने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने सरकार पर सौतेलेपन का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के बाद अभी तक वार्ड सदस्य के कोटे का फंड आवंटित नहीं किया है। इसी के कारण वार्ड सदस्य अपने वार्ड क्षेत्र में किसी भी प्रकार के विकास से जुड़ा कार्य नहीं कर पा रहे हैं। संघ के प्रदेश सचिव साकेत पांडेय ने वार्ड सदस्य हित में सरकार से मांगे जा रहे 14 सूत्री मांग की विस्तृत जानकारी सदस्यों को दी। 14 सूत्री मांग में मुख्य रूप वार्ड प्रबंधन समिति से संबंधित बैंक खाता खोलने, सभी वार्ड सदस्यों को संपूर्ण प्रभार सौंपने, सभी नए व पुराने वार्ड सदस्यों का मानदेय भुगतान, सभी विकास कार्य प्रारंभ करने के पूर्व शिलापट लगाना, पंचायत में सभी मनरेगा का कार्य वार्ड सदस्यों के द्वारा हो, वार्ड सदस्यों को मानदेय की जगह वेतन लागू हो, मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना की राशि वार्ड सदस्य के खाते के जरिए भुगतान हो, हर घर नल-जल योजना कार्यभार वार्ड सदस्य को सौंपा जाए, वार्ड सदस्यों को प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर मान सम्मान मिले शामिल है।

 

You may have missed