JDU ने लिया 22 जनवरी राज्यव्यापी स्वैच्छिक सहयोग राशि संग्रह अभियान चलाने का निर्णय

पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के निर्देश पर सोमवार को स्वैच्छिक सहयोग राशि संग्रह अभियान को लेकर वर्चुअल माध्यम से प्रदेश जदयू की महत्वपूर्ण बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं जिला संग्रह प्रभारी मौजूद रहे। बैठक को मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष एवं विधानपार्षद व प्रदेश कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ ने संबोधित किया।
प्रदेश अध्यक्ष श्रीकुशवाहा ने 22 जनवरी से इस अभियान को शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने एवं लंबी दूरी तय करने के लिए जरूरी है कि पार्टी आर्थिक रूप से भी मजबूत हो। हमारे कार्यकर्ता ही हमारी पूंजी हैं और वही पार्टी को आर्थिक रूप से भी मजबूत करेंगे। बड़े लक्ष्य के लिए पार्टी को संसाधनों से लैस करना जरूरी है। इसके लिए पार्टी के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं जिला संग्रह प्रभारी के साथ ही पार्टी के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, विधानपार्षद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व विधानपार्षद, पार्टी प्रत्याशी एवं संभावित उम्मीदवारों को खास जिम्मेदारी मिलेगी। पार्टी का यह अभियान ऐतिहासिक रूप से सफल होगा।
वहीं श्री कुशवाहा ने अभी हाल ही में सम्राट अशोक के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी की निंदा की और दयाप्रकाश सिन्हा के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई की मांग की। 24 जनवरी को मनाई जाने वाली कर्पूरी जयंती के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इसे सभी जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों में कोरोना गाईडलाइन का पालन करते हुए मनाएं। प्रकोष्ठों के गठन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व से विमर्श कर शीघ्र ही इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि दल के समर्पित कार्यकर्ताओंं को बहुत जल्द प्रोत्साहित किया जाएगा।
विधान पार्षद एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ ने अपने संबोधन में उक्त अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान पूर्ण रूप से स्वैच्छिक सहयोग पर आधारित होगा। रसीद, कूपन एवं आॅनलाइन माध्यम से सहयोग राशि का संग्रह किया जाएगा। इस अभियान में प्रदेश से बूथ स्तर तक की कमिटियों, प्रकोष्ठों के सभी स्तर की कमिटियों तथा लाखों क्रियाशील एवं प्राथमिक सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

You may have missed