January 24, 2026

औरंगाबाद : सड़क हादसे के बाद लोगों को समझाने पहुंची पुलिस, ग्रामीणों ने किया हमला व थानाध्यक्ष समेत चार लोग घायल

औरंगाबाद। अति नक्सल प्रभावित सलैया थानाध्यक्ष व पुलिस बल पर शुक्रवार की देर रात कोलहुआ गांव के ग्रामीणों ने हमला किया। इसमें थानाध्यक्ष कमलेश पासवान समेत चार लोग घायल हो गए हैं। दरअसल, सड़क हादसे के बाद लोगों को समझाने के लिए पुलिस पहुंची थी। इस दौरान ही ग्रामीण भड़क गए।

थानाध्यक्ष कमलेश पासवान, उपाध्याय प्रसाद, पंकज कुमार, संटू कुमार राम सहित अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मदनपुर में भर्ती कराया गया है।

दरअसल, एक आॅटो चालक ने पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी, इसके बाद पुलिस ने आॅटो चालक को रोका। इस दौरान कोलहुआ के कुछ ग्रामीण ऑटो चालक के साथ मारपीट करने लगे। पुलिस ने आॅटो चालक को बचाने की कोशिश की। इस पर ग्रामीण भड़क गए।

कोलहुआ गांव के ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इसके बाद मारपीट करने लगे। थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि पुलिस टीम को ग्रामीणों ने अपशब्द भी कहा।

फिलहाल, इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी चल रही है।

You may have missed