पश्चिमी चम्पारण : नरकटियागंज में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, चार पुलिसकर्मी घायल

नरकटियागंज। पश्चिमी चम्पारण के नरकटियागंज में हथकड़ी समेत फरार अभियुक्त अभय कुमार उपाध्याय को गिरफ्तार करने पहुंची गौनाहा पुलिस टीम पर ग्रामीणो ने हमला कर अपराधी को छुड़ा लिया। घटना 3 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची शिकारपुर थाने की पुलिस को देखते ही हमलावर भाग खड़े हुए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपराधी के करीबी धनंजय उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद थाने पहुंचे जयमंगलापुर गांव के तीन लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था। चार अक्टूबर को पूछताछ के बाद उन्हें मुक्त कर दिया गया। गौनाहा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि अभियुक्त को गिरफ्तार करने गयी पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला किया है। ग्रामीणों के हमले में गौनाहा थाना के एसआई विवेक कुमार बालेन्दु, एएसआई भूपेन्द्र कुमार सिंह समेत तीन चार सिपाहियो को गंभीर चोट आई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में एसआई विवेक कुमार बालेन्दु के आवेदन पर गिरफ्तार धननंजय उपाध्याय समेत अभयकांत उपाध्याय उर्फ गुड्डन, पुष्पा देवी, रिषु महतो, श्रीकांत मुखिया, जगन्नाथ मुखिया, पप्पु उपाध्याय तथा चालीस अज्ञात महिला पुरूषो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि गौनाहा थाना में धोखाधड़ी के मामले में अभियुक्त और शिकारपुर थाना से हथकड़ी समेत फरार हुए अभय कुमार उपाध्याय की गिरफतारी को लेकर गौनाहा व शिकारपुर पुलिस की संयुक्त टीम गांव में छापेमारी करने गई थी। गांव में जाने के दौरान कीचड़ भरे रास्ते की वजह से शिकारपुर पुलिस की गाड़ी थोड़ी पीछे रह गयी। लेकिन गौनाहा पुलिस बाइक से अभियुक्त के पास पहुंच गयी और उसे गिरफ्तार भी कर लिया। गिरफ्तारी के बाद वहां मौजूद लोगो ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया और पुलिस अधिकारियो तथा कर्मियो की पिटाई करने लगे। ग्रामीणों के हमले में में फांसी पुलिस को चकमा देकर अभियुक्त अभय कुमार उपाध्याय गन्ने के खेत के रास्ते फरार हो गया। धोखाधड़ी के मामले में जयमंगलापुर गांव निवासी अभय कुमार उपाध्याय पर हथकड़ी समेत फरार होने का मामला शिकारपुर थाने में दर्ज है। मामले में अभियुक्त ने पिछले दिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल की थी। इसमें पुलिस पदाधिकारियो पर पैसे लेकर उसे फरार कराने का आरोप लगाया था। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया की फरार अभियुक्त पर गौनाहा समेत शिकारपुर थाने में अब तीन एफआईआर दर्ज की गई है।

About Post Author

You may have missed