बांका में अंग्रेजी में लाइब्रेरी का बोर्ड देखकर भड़के मुख्यमंत्री, नीतीश बोले- हिंदी का प्रयोग करिए, ये सब चेंज कीजिए

बांका। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बांका में सरकारी योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे थे। उसी दौरान वहां लगे लाइब्रेरी का बोर्ड देखकर मुख्यमंत्री नीतीश भड़क गए। उसके बाद नीतीश कुमार ने कहा कि – हम लोग सब अंग्रेजी में ना पढ़ते थे, जवाब अंग्रेजी में देते थे, पढ़ाई अंग्रेजी में करते थे। वो सब छोड़िए न, हमको अंग्रेजी से कोई दिक्कत है। अब पार्लियामेंट चले गए तो क्या बोलते हैं, इसलिए ये सब छोड़िए। इसलिए हमारी इच्छा है हम हमेशा कहते हैं हिंदी का प्रयोग करिए। जब हम केंद्र में मंत्री थे तो हिंदी में साइन करना शुरू कर दिए थे। समझ गए तो आप कहे लिख रहे हैं यह सब, चेंज कीजिए। उन्होंने कहा कि हिंदी के महत्व को आप लोग खत्म कर रहे हैं। हम लोग हिंदी में पढ़े हैं। सीएम ने फौरन बोर्ड को बदलने का निर्देश दिया और कहा कि इस बोर्ड को चेंज करवाइये। ये कौन लिखा है उसको यहां बुलाइये अभी। सीएम ने कहा कि आप यहां इंग्लिश में उद्घाटन करवा रहे है। मुख्यमंत्री ने सरेआम डीएम की भी क्लास लगा दी मुख्यमंत्री ने कहा कि ये गलत है। यहां में अंग्रेज का शासन नहीं चल रहा है। उसके बाद सीएम के साथ मौजूद अधिकारियों ने यह आश्वासन दिया कि वह इसे तुरंत चेंज करवा देते हैं फिर नीतीश कुमार आगे निकल गए। इससे पहले सीएम नीतीश कुमार बांका में आरएमके हाई स्कूल मैदान स्थित डिजिटल लाइब्रेरी का जब निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां लाइब्रेरी का डिस्प्ले बोर्ड देखकर मुख्यमंत्री भड़क गए। इस डिजिटल लाइब्रेरी का बोर्ड अंग्रेजी में लिखा हुआ था और सीएम नीतीश कुमार को यह पसंद नहीं आया।
