फुलवारीशरीफ में गैस सिलेंडर संकट पर बवाल, दो किलोमीटर तक सड़क जाम

  • सिलेंडर नहीं मिलने से भड़के उपभोक्ता, खाली सिलेंडर लेकर सड़क पर बैठे
  • प्रशासन के आश्वासन के बावजूद नहीं माने लोग, वितरण व्यवस्था सुधारने की मांग

पटना। राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में गैस सिलेंडर की आपूर्ति में गड़बड़ी को लेकर मंगलवार को भारी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने करीब दो किलोमीटर तक सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सुबह सात बजे से ही लोग खाली गैस सिलेंडर लेकर सड़क पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे। जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने के लिए संबंधित एजेंसी पहुंचे थे। वहां उन्हें बताया गया कि गैस सिलेंडर लाने वाला ट्रक अभी तक नहीं पहुंचा है, जिसके कारण वितरण संभव नहीं हो पाएगा। यह सूचना मिलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते करीब 300 लोग खाली सिलेंडर लेकर सड़क पर उतर आए। उन्होंने पटना एम्स के पास नवादा मोड़ काली मंदिर के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्री और राहगीर घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने गंतव्य तक समय पर नहीं पहुंच सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि अक्सर ऐसी स्थिति बन जाती है, जब उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पाता। प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस बुकिंग का संदेश तो समय पर मिल जाता है, लेकिन सिलेंडर की आपूर्ति में लगातार देरी होती है। कई लोग सुबह से लाइन में खड़े थे, लेकिन उनका नंबर आने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। जब उन्होंने एजेंसी के गोदाम पर संपर्क किया तो वहां से भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। कुछ उपभोक्ताओं ने एजेंसी के कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि कई बार चोरी-छिपे ऊंचे दामों पर गैस सिलेंडर बेचे जाते हैं, जबकि पंजीकृत उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिलती। इस कारण लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन उपभोक्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक गैस वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे। इस संबंध में थाना प्रभारी गुलाम सहवाज आलम ने बताया कि पुलिस लगातार लोगों को समझा रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया गया है कि जैसे ही गैस सिलेंडर की खेप पहुंचेगी, तुरंत वितरण शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन की ओर से स्थिति को सामान्य करने की कोशिश जारी है। वहीं, गैस एजेंसी की मालिक रविंद्रन ने बताया कि गैस सिलेंडर के लिए भुगतान पहले ही कर दिया गया है, लेकिन ट्रक समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया है कि गैस सिलेंडर आने के बाद वितरण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण प्रणाली को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए गैस सिलेंडर बेहद जरूरी है और इसकी कमी से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। फिलहाल, प्रशासन और पुलिस की कोशिश है कि जल्द से जल्द जाम हटाया जाए और यातायात को सामान्य किया जाए। वहीं, उपभोक्ता भी अपनी समस्याओं के स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।