नालंदा : भूमि विवाद में भतीजे ने चाचा की पीट-पीटकर की हत्या, चार लोगों पर एफआईआर

नालंदा । जिले के बिन्द थाना क्षेत्र के निगराईन गांव में भूमि विवाद में भतीजे ने चाचा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। परिजन ने आरोप लगाया है कि बदमाशों ने उन्हें पेड़ से बांध जमकर पिटाई की। मृतक की पहचान 55 वर्षीय रामचंद्र प्रसाद के रूप में हुई है।

भूमि के एक टुकड़े को लेकर उनका गोतिया के लोगों से करीब पांच साल से विवाद चल रहा था। इसी से गुस्सा होकर इस वारदाता को अंजाम दिया गया। पत्नी टिंचू देवी ने भतीजे संजय कुमार समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

पत्नी ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर भतीजे संजय से कहासुनी हो रही थी। धीर-धीरे बात बढ़ गई और दोनों के बीच मारपीट हुई। इसको देख संजय के परिजन जुट गए और रामचंद्र को पेड़ से बांध कर लाठी से पीटकर अधमरा कर दिया। आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश उन्हें छोड़कर भाग निकले।

गांव के लोग उन्हें लेकर बिन्द अस्पताल पहुंचे। वहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया भूमि विवाद घटना का कारण है। पत्नी ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर कराई है। पुलिस आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

हत्या का एक दूसरा एंगल भी सामने आ रहा है। ग्रामीणों की माने तो करीब तीन साल पहले आरोपित पक्ष के एक आदमी की हत्या कर दी गई थी। जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में एफआईआर कराई गई थी।

थानाध्यक्ष ने मृतक पर केस दर्ज होने की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि एफआईआर में आरोप क्या लगाया गया था। कुछ लोग चर्चा कर रहे हैं बदला लेने के लिए अधेड़ की हत्या की गई।

About Post Author

You may have missed