PATNA : नहाने गये दो किशोर गंगा में डूबे, दोनों थे ममेरे-फुफेरे भाई, परिजनों में मचा कोहराम, तलाश जारी

फतुहा। गुरुवार को पटना के नदी थाना क्षेत्र के आलमपुर स्थित गंगा घाट पर नहाने गये दो किशोर गंगा में डूब गये तथा गंगा की तेज धारा में विलुप्त हो गए। दो युवकों के डूबने की खबर फैलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तत्काल उफनती गंगा में कूदकर दोनों किशोर की तलाश की लेकिन नतीजा सिफर रहा। इसके बाद जानकारी होते ही नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा तत्काल स्थानीय गोताखोर के साथ-साथ एसडीआरएफ की टीम को दोनो किशोर की तलाशी के लिए गंगा में लगाया। खबर लिखे जाने तक दोनों किशोर की गंगा में तलाश जारी थी। डूबे किशोर में एक दानापुर निवासी रामजी सिंह के 17 वर्षीय पुत्र अतुल कुमार तथा दूसरा दीदारगंज थाना क्षेत्र के नत्थाचक गांव निवासी अमित राय का 15 वर्षीय पुत्र यश कुमार है। दोनों किशोर ममेरे-फुफेरे भाई हैं।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि दो दिन पहले अतुल दानापुर से अपने नानी घर नत्थाचक आया था। गुरुवार को अतुल अपने फुफेरे भाई यश से मिलने के लिए कच्ची दरगाह स्थित टेढी पुल के समीप उसके किराए के मकान में पहुंचा। यश किराया के मकान में रह कर पढ़ाई करता था। दोनों भाई आपस में मिलने के बाद गुरुवार को दोपहर में गंगा में नहाने का प्लान बनाया। प्लान बनते ही दोनों आलमपुर स्थित गंगा घाट पर पहुंच गए। कपड़े उतार दोनों गंगा में नहाने के लिए कूद पड़े। लेकिन यश का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा की तेज धारा में बहने लगा। यह देख अतुल यश को बचाने के लिए उसके तरफ तैरने लगा लेकिन कुछ ही देर के बाद वह भी उफनती गंगा में बहने लगा। देखते ही देखते दोनों भाई गंगा में विलुप्त हो गये। घटना के बाद से जहां यश के घर चीत्कार गूंज रही है, वहीं दानापुर में अतुल के घर भी कोहराम मचा हुआ है। दोनों के परिजन गंगा घाट पर पहुंच चुके हैं।

You may have missed