PATNA : अब प्रतिदिन जदयू के दो प्रवक्ता अलग-अलग विषयों पर पार्टी की रखेंगे बात
पटना। जदयू कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक एवं निखिल मंडल ने वर्चुअल माध्यम से पार्टी की बात रखी। इस क्रम में दोनों प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी में आज से एक नये कार्यक्रम की शुरूआत की गई है, जिसमें प्रतिदिन दल के दो प्रवक्ता अलग-अलग विषयों पर पूर्वाहन 11 बजे से पार्टी की बात रखेंगे। इस संदर्भ में युवाओं के द्वारा वर्चुअल माध्यम से दिये गये सुझाव पर पार्टी उसे और सुलभ बनाने हेतु प्रयास करेगी।
सोमवार से शुरू हुए इस कार्यक्रम में पार्टी प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने युवाओं के लिए पार्टी एवं सरकार द्वारा चलाये जा रहे 7 निश्चय कार्यक्रम के तहत आर्थिक हल, युवाओं को बल, स्टूडेन्ट क्रेडिट कार्ड, युवा शक्ति, बिहार की प्रगति सहित कई अन्य योजनाओं पर विस्तारपूर्वक पार्टी की बात रखी।
वहीं प्रवक्ता निखिल मंडल ने विस्तारपूर्वक बताया कि नीतीश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना कार्यक्रम चलाया गया है। जिसके तहत युवाओं को नए उद्योग लगाने के लिए 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसमें से अधिकतम 50% या 5 लाख तक का अनुदान दिया जाएगा। बाकी की राशि पर 1 प्रतिशत का मामूली ब्याज देना होगा।
प्रवक्ताओं ने पार्टी की बात रखते हुये कहा कि मुख्यमंत्री कुशल युवा कार्यक्रम के अंतर्गत 10 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया, जिस पर 573 करोड़ रुपये खर्च किये गये। मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के अंतर्गत कुल 4 लाख 47 हजार से अधिक आवेदकों को 702 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई। वहीं विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में नि:शुल्क वाई-फाई की सुविधा के तहत 321 संस्थानों में वाई-फाई लगवाया गया।


