February 20, 2026

PATNA : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार साला-बहनोई को कुचला, बहनोई की मौके पर मौत

* संपतचक के पूर्व जिला पार्षद पिंकी देवी के पति है जख्मी रामनाथ प्रसाद
* निजी हॉस्पिटल में गंभीर हालत में चल रहा है इलाज


फुलवारी शरीफ, (अजीत)। पटना एम्स के नजदीक बुधवार की देर शाम अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार साला एवं बहनोई को कुचल डाला। इस हादसे में बहनोई की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि उसका साला बुरी तरह घायल हो गया है, उसे अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतक की शिनाख्त खगौल के कोथवा गांव निवासी राजाराम के रूप में हुई जबकि घायल व्यक्ति राजाराम का साला रामनाथ प्रसाद संपतचक के पूर्व जिला पार्षद पिंकी देवी के पति और वर्तमान में बैरिया के जन वितरण प्रणाली के डीलर हैं। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संपतचक और खगौल से रोते बिलखते परिजन एम्स पहुंचे।
बताया जाता है कि पटना एम्स के सामने वाली नेशनल हाईवे पर सालों से नाला का पानी जमा रहता है। जलजमाव के चलते साला-बहनोई जिस बाइक से जा रहे थे, वो स्लिप कर गई। इस बीच तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। आनन-फानन में लोगों ने इसकी सूचना फुलवारीशरीफ थाने को दी। सूचना मिलते ही फुलवारीशरीफ थाने ने मौके पर पहुंचकर मृतक राजाराम को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेजा है, जबकि इस हादसे में घायल उनके साला रामनाथ प्रसाद को इलाज के लिए नजदीक के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।

You may have missed