केन्द्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने गुजरात में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में लिया भाग

पटना। केन्द्रीय इस्पात मंत्री रामचन्द्र प्रसाद सिंह ने गुजरात के छोटा उदेपुर जिले में एकलव्य तीरंदाजी अकादमी में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में भाग लिया और दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय ऐतिहासिक और दूरगामी है। श्री सिंह ने जनजाति समुदाय द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ाने के प्रयासों का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जनजातियां भारतीय संस्कृति की पहचान और गौरव हैं और हमें अपने इतिहास और परंपरा से जोड़े रखती हैं। श्री सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जनजातीय कल्याण और प्रगति के लिए उठाये गए कदमों की जानकारी दी और बताया कि कैसे इन नीतियों और योजनाओं से एक सर्वांगीण विकास संभव हो पा रहा है। श्री सिंह ने इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय परंपरा से जुड़ी एक प्रदर्शनी का भी दौरा किया। इस मौके पर छोटा उदेपुर के सांसद गीताबेन राठवा समेत जनजाति से जुड़े महानुभाव उपस्थित थे।
