सीवान में बॉयफ्रेंड से विवाद के बाद किन्नर ने की आत्महत्या, फांसी लगाकर की जान

सीवान। जिले में रविवार देर रात को बॉयफ्रेंड से झगड़े के बाद एक किन्नर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किन्नर, पश्चिम बंगाल निवासी शिवम विश्वास है। वह एक साल से नेहा म्यूजिकल ग्रुप में डांसर थी। म्यूजिकल ग्रुप के संचालक अशोक राय ने बताया, ‘मृतक शिवम का बगौरा के ही युवक कल्लू के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार की शाम भी दोनों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद शिवम ने साथियों से कहा- वह सिगरेट पीने जा रही है और बगल के पुराने कमरे की ओर निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो उसके साथियों ने फोन किया। मोबाइल बंद था। खोजबीन के दौरान साथी जब उस कमरे तक पहुंचे तो खिड़की से देखा कि शिवम फांसी के फंदे से लटकी थी। जिसके बाद साथियों ने पुलिस को जानकारी दी। घटना दरौंदा प्रखंड के बगौरा गांव की है। साथी किन्नर का कहना है, ‘बगौर गांव के कल्लू नामक युवक से शिवम का प्रेम प्रसंग चल रहा था। कल्लू किसी दूसरे लड़की से भी बात करता था, जो शिवम को पसंद नहीं था। इसी को लेकर दोनों में अकसर विवाद होता था। शिवम को समझाया गया था कि कल्लू को तुम से प्यार नहीं है तो तुम उससे बात करना छोड़ दो, लेकिन वो नहीं मानी। दोनों रोज बात करते थे। रविवार की देर शाम भी विवाद हुआ था। जिसके बाद शिवम पुराने रूम पर सिगरेट पीने का बोलकर चली गई। थोड़ी देर बाद कल्लू का फोन आया और बोला कि झगड़ा हुआ है। कल्लू ने हमें बताया, ‘शिवम का फोन बंद आ रहा है, बात नहीं हो पा रही, कहां है वो। इसके बाद जब खोजते हुए पुराने रूम पर पहुंचे। रूम अंदर से बंद था। खिड़की से देखा तो शिवम पंखे से लटकी थी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही किन्नर का मोबाइल भी जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह ने बताया, ‘शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। दूसरे डांसर्स का बयान लिया गया है। आशंका है कि प्रेम संबंधों में तनाव के कारण शिवम ने ये कदम उठाया है। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। दरौंदा थाना पुलिस पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया। शव को देर रात पोस्टमॉर्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, ताकि प्रेम विवाद और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा सके।
