बांका में बड़ी पुलिस कार्रवाई, हथियार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

  • भेलवा हाई स्कूल के पास घेराबंदी कर दबोचा, देसी कट्टा-पिस्टल समेत सामान बरामद
  • बड़ी वारदात की योजना नाकाम, पहले फेरी वाले से छिनतई करने का भी खुलासा

बांका। जिले के सुईया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। इस पूरे मामले की जानकारी बेलहर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र मोहन प्रसाद ने कटोरिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सुईया थाना क्षेत्र के भेलवा हाई स्कूल के पास तीन संदिग्ध युवक इकट्ठा होकर किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। निरीक्षक रंजीत कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया झा, अवर निरीक्षक आकाश आर्यन, अवर निरीक्षक राजू पांडेय, सहायक अवर निरीक्षक चंदन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक दिनेश राम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। सभी ने मिलकर रणनीति के तहत क्षेत्र की घेराबंदी की और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस टीम ने भेलवा हाई स्कूल के समीप पहुंचकर तीनों युवकों को घेर लिया और मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद हथियारों और अन्य सामान के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के बुरहीखार निवासी उचित राय के पुत्र गुड्डू राय (20 वर्ष), मदन राय के पुत्र नितीश कुमार (22 वर्ष) और उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के जरूहीलिया निवासी राज किशोर के पुत्र अमन कुमार (19 वर्ष) के रूप में की गई है। तीनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार अपराधियों ने गुरुवार को ही भेलवा इलाके में एक फेरी वाले से पिस्टल दिखाकर छिनतई की घटना को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद से ही पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस संबंध में सुईया थाना कांड संख्या 29/26 के तहत शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और उनसे जुड़े अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनका किसी बड़े आपराधिक गिरोह से संबंध तो नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी घटना को टाल दिया गया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस सफल अभियान के बाद स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इसी तरह अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।

You may have missed