पटना की सड़कों पर उतरी हजारों आशा कार्यकर्ताओं : 11 सूत्री मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, बोली- सरकार जल्द करे विचार

पटना। बिहार में शिक्षक स्टूडेंट के बाद अब आशा कार्यकर्ताओं में भी नीतीश सरकार के प्रति भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। बता दे की पिछले 1 माह से अपनी मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ता हड़ताल पर है। लेकिन, उसके बावजूद भी राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। वहीं आज एक बार फिर से उन्होंने पटना के इनकम टैक्स गोलंबर पर प्रदर्शन किया। हालांकि, तमाम आशा कार्यकर्ता इनकम टैक्स गोलंबर से होते हुए डाक बंगला चौराहे पर जा रही थी। लेकिन, पुलिस ने उन्हें आयकर चौराहा पड़ ही रोक दिया। जिसके बाद सभी सड़कों पर ही बैठ गई और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगी। बता दें कि, पिछले 1 महीने से आशा और आशा फैसिलिटेटर हड़ताल पर है। जिसके कारण से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं ठप्प है। लेकिन, राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग संवेदनहीन बनी हुई है। आशा कार्यकर्ता सोनी देवी ने कहा की हम लोगों को वेतनमान दे दिया जाए आज हम अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। हम लोग भूखे प्यासे पिछले 1 महा से प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन, सरकार सुनने को तैयार नहीं है। जब तक हम लोग की मांग पूरी नहीं होती है तब तक हम लोग अपने हड़ताल को जारी रखेंगे। वहीं संघ के महासचिव कौशलेंद्र शर्मा ने कहा है कि अगर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री हमारी मांगों पर विचार नहीं करते हैं तो 11 अगस्त यानी कल से हम लोग आमरण अनशन पर बैठेंगे। जब तक मांग पूरा नहीं हो जाता तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
