PATNA : दानापुर में चोरों ने पूर्व सैनिक के घर को बनाया निशाना, 6 लाख का सामान किया साफ़, जांच में जुटी पुलिस
पटना। राजधानी पटना के दानापुर में एक्वा सिटी वीर कुंवर सिंह कॉलोनी निवासी पूर्व सैनिक प्रमोद कुमार सिंह के बंद घर का ताला तोड़कर छह लाख रुपये मूल्य की संपत्ति की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी के दौरान चोर नकद, सोने-चांदी के जेवरात और घर में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले उड़े। पूर्व सैनिक प्रमोद कुमार सिंह ने स्थानीय थाना में अज्ञात चोरों के विरूद्ध मामला दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बारे में गृहस्वामी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि 19 फरवरी को घर में ताला बंद कर अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ कैमूर जिले के रामागढ़ थाना क्षेत्र के सातो अवंती गांव गए थे।

इसी बीच 20 फरवरी को 8 बजे पड़ोसी ने फोन कर मेन गेट का ताला टूटे होने की जानकारी दी। सूचना पाकर जब अपने घर पहुंचे तो देखा कि मेन गेट का ताला काटा हुआ है और दूसरे दरवाजा का भी ताला टूटा हुआ था। कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। प्रमोद कुमार सिंह ने आगे बताया कि चोरों ने आराम से दो कमरे के दरवाजे को काट दिया और कमरे में पड़े गोदरेज और आलमीरा के लॉकरों को तोड़ कर साढ़े आठ हजार नकद, सोने का मंगलसूत्र, सोने का चेन, झुमका, कानबली आदि जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गये। उन्होंने आगे बताया कि एक्वा सिटी में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में चोरों का तस्वीर कैद होने की संभावना है।

