February 10, 2026

नित्यानंद राय का तेजस्वी पर हमला, कहा- उन्होंने जो किया है, आज नहीं तो कल भुगतना पड़ेगा

पटना। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। पटना हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि देश कानून के अनुसार चलता है और जो भी व्यक्ति गलत करेगा, उसे आज नहीं तो कल उसका परिणाम भुगतना ही पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव से जुड़े मामलों में जो तथ्य सामने आए हैं, वे कानून के दायरे में हैं और उसी के अनुसार कार्रवाई होगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव के परिवार पर पहले से ही कई गंभीर आरोप रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला, भूमि से जुड़े घोटाले और नौकरी के बदले जमीन लेने जैसे मामलों में उनके परिवार का नाम सामने आया है। नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में जब-जब उस परिवार की सत्ता रही, तब-तब प्रदेश ने अव्यवस्था और अराजकता का दौर देखा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कानून व्यवस्था की स्थिति कमजोर रही और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नित्यानंद राय ने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव यदि यह कहते हैं कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप गलत हैं, तो उन्हें यह बताना चाहिए कि उनके परिवार के कार्यकाल में हुए इन घोटालों के तथ्य क्या हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि कानून का हाथ लंबा होता है और देर-सबेर वह हर उस व्यक्ति तक पहुंचता है, जिसने कानून का उल्लंघन किया हो। उन्होंने कहा कि जो किया गया है, उसका परिणाम भुगतना ही पड़ेगा और इसमें किसी तरह का राजनीतिक बदले का सवाल नहीं है। मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री से पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून तोड़ता है, किसी का मकान हड़पता है या किसी तरह का अपराध करता है, तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होना स्वाभाविक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अपना काम कर रही है और अदालत के आदेश के तहत ही कार्रवाई की जाती है। पप्पू यादव की गिरफ्तारी में न तो केंद्र सरकार का और न ही राज्य सरकार का कोई हस्तक्षेप है। नित्यानंद राय ने यह भी कहा कि कानून सबके लिए समान है, चाहे वह सांसद हो या आम नागरिक। उन्होंने आरोपों को राजनीतिक प्रतिशोध से जोड़ने की बात को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यदि किसी के खिलाफ अदालत से वारंट जारी होता है, तो पुलिस उसे गिरफ्तार करेगी ही। इसमें किसी भावना या दबाव की कोई भूमिका नहीं होती। तेजस्वी यादव द्वारा नाबालिग रहने के दौरान दर्ज मामलों और भ्रूण हत्या से जुड़े बयान पर भी केंद्रीय मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को पहले अपने परिवार के कार्यकाल में हुए मामलों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह सच नहीं है कि उनके परिवार की सत्ता के दौरान कई ऐसे काम हुए, जिन पर आज भी न्यायिक प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर ही हर मामले की जांच होगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई भी होगी। इसी दौरान नित्यानंद राय ने भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के नए अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार बिहार आ रहे हैं और उनके स्वागत की तैयारियों में पार्टी जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन के आगमन को लेकर न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं में, बल्कि बिहार की जनता में भी उत्साह है। नित्यानंद राय के बयान से बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आने वाले दिनों में इन बयानों के राजनीतिक और कानूनी मायने क्या निकलते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

You may have missed