February 25, 2026

बिहार के पूर्व सीएम चंद्रशेखर सिंह के जमुई पैतृक आवास में चोरी, 5 लाख की संपत्ति को चोरों ने बनाया निशाना

जमुई। बिहार के जमुई में मलयपुर थाना क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर सिंह के आवास में घुसकर चोरों ने लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने घर में घुसकर पांच लाख से ऊपर की संपत्ति की चोरी की है।आपको बता दें कि चोरों ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर सिंह के घर पर घटना को अंजाम दिया है। स्वर्गीय चंद्रशेखर सिंह की पत्नी मनोरमा सिंह भी पूर्व में सांसद रह चुकी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के भतीजे हिमांशु शेखर ने बताया कि हम लोगों का पूरा परिवार पटना में रहता है और हमारे पैतृक घर की देखभाल के लिए हमने एक व्यक्ति को नियुक्त किया था। जो मेरे घर के अंदर प्रवेश नहीं करता था केवल बाहर से ही घर की देखभाल करता था। जब आज हम अपने पैतृक आवास मलयपुर पहुंचे और घर के अंदर प्रवेश किए तो देखा कि घर का सभी सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। साथ ही घर का अलमारी और दरवाजा टूटा हुआ है।

वही हिमांशु ने बताया, जब उन्होंने अपने घर का मुआयना किया तो वहां से कई सारे सामान गायब थे। इसमें कुछ गहने, बनारसी साड़ी, कांसा पीतल का बर्तन, किचन का पूरा सामान,जमीन की जरूरी दस्तावेज, कागज सहित एक जनरेटर गायब पाया गया। घर से चोरी हुए सारे सामान की कीमत लगभग पांच लाख से ऊपर है। वही इस मामले में मलयपुर थाना अध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना उनके द्वारा दी गई है। पुलिस चोरी की घटना की छानबीन में जुटी है।

You may have missed