बेगूसराय में किसान की हत्या से हड़कंप, अपराधियों ने साइलेंसर लगाकर मारी गोली
बेगूसराय। जिले के बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लखमीनिया सोनार टोली में रविवार देर रात एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। अपराधियों ने साइलेंसर लगी पिस्तौल का इस्तेमाल कर किसान के सीने में बेहद करीब से गोली मारी, जिससे गोली की आवाज अधिक नहीं हुई और घर में सो रही पत्नी को भी तुरंत वारदात का अंदाजा नहीं हो सका। मृतक की पहचान कृष्णनंदन यादव (58) के रूप में हुई है, जो पेशे से खेती-किसानी करते थे। जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 11:30 बजे कृष्णनंदन यादव अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान किसी ने उन्हें आवाज देकर जगाया। बताया जा रहा है कि कृष्णनंदन यादव जैसे ही उठे, उसी समय बदमाश ने उनके सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े। चौंकाने वाली बात यह रही कि गोली की आवाज बहुत तेज नहीं थी। पत्नी उनके साथ ही सो रही थी, लेकिन साइलेंसर के कारण आवाज कम होने की वजह से वह समझ नहीं सकी कि गोली चली है। पति के अचानक गिरने पर जब पत्नी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल कृष्णनंदन यादव को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देर रात हुई हत्या से लोग सहमे हुए हैं और क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटनास्थल से पुलिस को अहम सुराग भी मिले हैं। बताया गया कि मौके से बाइक के टायर का निशान तथा एक खोखा बरामद हुआ है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम सोमवार सुबह गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमॉर्टम से पहले एक्स-रे के दौरान सीने में बने निशान और गोली के एंगल को देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या पिस्तौल से की गई है और उसमें साइलेंसर लगाया गया था, जिस कारण फायरिंग की आवाज ज्यादा नहीं हुई। मृतक के पुत्र शिवम कुमार ने बताया कि उनके पिता और मां साथ सोए हुए थे। घर के दरवाजे में ग्रील लगी है। रात करीब 11:30 बजे किसी व्यक्ति ने आवाज देकर जगाया, इसके बाद पिता गिर गए। उस समय परिवार को गोली लगने का अंदाजा नहीं था। पूछने पर मां ने बताया कि उन्हें केवल ‘फटाक’ जैसी धीमी आवाज सुनाई दी थी, लेकिन वे समझ नहीं सकीं कि यह गोली की आवाज थी। शिवम कुमार ने यह भी कहा कि उनके पिता खेती-किसानी करते थे और किसी से कोई दुश्मनी की जानकारी नहीं है। इधर, पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। बलिया डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि घटना स्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि शरीर पर या आसपास खून के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस टीम हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के तरीके व अन्य तकनीकी पहलुओं पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस गांव व आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वारदात के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी घटना को लेकर गहरी नाराजगी और भय का माहौल देखा जा रहा है।


