जमुई में शादी के दौरान घटी अनोखी घटना : मंडप छोड़कर चला गया दूल्हा, जानिए क्या थी वजह व आगे क्या हुआ

जमुई । बिहार के जमुई जिले में एक शादी के दौरान एक अनोखी घटना घटी। दूल्हा अचानक मंडप छोड़कर चला गया और शादी नहीं करने की बात कहने लगा। दूल्हे के शादी से इनकार करने के बाद तनाव की स्थिति बन गई व मामला थाने तक पहुंच गया। थाने में दूल्हा-दुल्हन पक्ष के लोग एक दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए। काफी देर बाद पुलिस की मौजूदगी में मामले का निपटारा हो सका।

दरअसल, लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र की गौरा पंचायत के दिघरा मंडल टोला गांव में शादी करने आया दूल्हा नाराज होकर मंडप छोड़ भाग गया. बताया जाता है कि दिघरा मंडल टोला निवासी पप्पू मंडल की 20 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी की शादी 9 मई को मुंगेर जिले के सफियाबाद थाना क्षेत्र के डकरा खुचिया गांव के महेश मंडल के बेटे नीतीश कुमार के साथ होना तय किया गया था। विधि-विधान के साथ दुल्हन के घर दूल्हा बारात लेकर पहुंचा।

इस बीच दूल्हा बारातियों को समय पर भोजन नहीं मिलने से नाराज हो गया। दूल्हे की नाराजगी इस बात से थी कि जब वह बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा तो लड़की वालों ने उसका सही तरीके से स्वागत नहीं किया। पहले तो वर पक्ष के लोगों ने वहीं हंगामा किया और वधू पक्ष के लोगों को काफी भला-बुरा कहा। फिर शादी नहीं करना की बात कहकर मंडप छोड़कर चला गया।

दूल्हा के चले जाने के तुरंत बाद स्थानीय थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पंडित को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने दूल्हे की खोज शुरू कर दी। कुछ देर बाद मटिया बाजार से पुलिस ने दूल्हे को ढूंढ निकाला। पुलिस दूल्‍हे को थाना लेकर पहुंची। दोनों पक्ष के स्वजनों को सूचना देकर थाना बुलवाया गया जहां बड़ी मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर दूल्हे को शादी के लिए तैयार किया गया। बाद में दुल्हन के घर पर शादी की सभी रस्में पूरी हुई। साथ में दोनों पक्ष के बीच बौंड बनवाया गया। दूल्हे पक्ष के स्‍वजनों को सख्त हिदायत दी गई कि लड़की को किसी भी तरह से प्रताड़ित करने पर उसपर कठोर कार्रवाई होगी।

About Post Author