पटना में चड्‌डी-बनियान गैंग का आतंक: 12 अपराधी घर में घुसे, पिस्टल दिखाकर की डकैती

पटना। राजधानी के पटना में एक बार फिर से चड्‌डी-बनियान गैंग का आतंक देखने को मिल रहा है। बदमाशों ने शुक्रवार देर रात बेउर थाना क्षेत्र के ढनढना चक गांव में प्राइवेट कंपनी के मैनेजर के घर धावा बोला। बांस के सहारे चड्‌डी- बनियान पहने 12 लोग घर में दाखिल हुए। पिस्टल के दम पर सभी को बंधक बनाया और लूटपाट की। घर में मौजूद पुरुषों के सिर पर पिस्टल रखकर महिलाओं के शरीर से मंगलसूत्र तक डकैतों ने उतारवा लिए। परिवार का आरोप है कि बदमाशों के जाने के बाद पुलिस को फोन किया, लेकिन किसी ने उठाया ही नहीं। पीड़ित परिवार ने बताया कि हम डकैती के बाद बेऊर थाने को लगातार कॉल करते रहे। लेकिन, पुलिसकर्मियों की ओर से कॉल ही रिसीव नहीं हुआ। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत वरीय अधिकारियों से करके बेउर थाना प्रभारी को हटाने की मांग की है। गांव में अभी भी दहशत का माहौल कायम है। प्राइवेट कंपनी में एरिया मैनेजर आशुतोष कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात 11:30 पर घर के पीछे से बांस लगाकर करीब 12 डकैत घर में घुस आए। सभी डकैत सिर्फ चड्डी और गंजी में थे। वे शराब के नशे में थे। घर में प्रवेश करते ही सभी लोगों को पिस्टल के बल पर कब्जे में ले लिया। इसके बाद लूटपाट शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि महिलाओं से शरीर पर के गहने भी उतार लिए गए। डकैतों ने यह भी धमकी दिया कि जल्दी पैसा और गहना दो, नहीं तो गोली मार देंगे। आशुतोष कुमार ने यह भी बताया कि अपराधियों ने गोदरेज से करीब पचास हजार नकद और लगभग डेढ़ लाख की ज्वेलरी ले गए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना फोन से बेउर थाना के सरकारी नंबर पर बार-बार लगाते रहे। इसके बावजूद भी थाना के द्वारा कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने 112 नंबर को फोन किया। फिर करीब रात 2 बजे पुलिस घर पर पहुंची। इस मामले को लेकर बेउर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि चोरी की घटना हुई है। वहीं, फुलवारी शरीफ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी विक्रम सिहाग ने बताया कि इतनी बड़ी घटना की जानकारी पदाधिकारी द्वारा अभी तक नहीं दी गई है। इसके लिए उन्होंने बेउर थाना प्रभारी से बात करने की बात कही है।

About Post Author

You may have missed