बिहार के 19 जिलों में गिरा तापमान: ठंड बढ़ी, दिल्ली से भी खराब हुई पटना की हवा
पटना। बिहार में पछुआ की वजह से कनकनी लगातार बढ़ रही है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट नहीं आने के कारण पूरे प्रदेश में शीतलहर जैसी स्थिति नहीं बन रही है। ठंड के साथ ही प्रदेश की हवा भी खराब हो रही है। पटना का एक्यूआई दिल्ली से भी ज्यादा दर्ज किया गया है। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के 19 शहरों का न्यूनतम तापमान में कमी देखने को मिली है। लगातार दूसरे दिन यानी शुक्रवार को भी सबसे ठंडा शहर भागलपुर का सबौर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गया 7.8 डिग्री, शेखपुरा 9.5 डिग्री, औरंगाबाद 9.8 डिग्री, बक्सर 9.7 डिग्री, मोतिहारी 9.4 डिग्री, पूसा 9 डिग्री, जमुई 9.2 डिग्री, बांका 7.7 डिग्री। इसके अलावा अन्य शहरों का तापमान भी 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। शुक्रवार को पटना का मौसम पूरे दिन शुष्क बना रहा। मौसम विभाग की माने तो पटना के न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस का गिरावट दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। शुक्रवार को पटना का न्यूनतम तापमान 10.8 और अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के वैज्ञानिक ने बताया कि असली सर्दी तब लगती है। जब दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिलती है। अभी इस तरह की परिस्थिति होने की कोई संभावना नहीं है। धूप वाली दिन के कारण कड़क ठंड का एहसास नहीं हो रहा है। इस सीजन में पहली बार शुक्रवार को दिल्ली से अधिक पटना की हवा खराब रही। सुबह करीब 11 बजे पटना का एक्यूआई लेवल 322 और दिल्ली का 307 दर्ज किया गया। वहीं गुरुवार शाम 4 बजे तक औसत एक्यूआई लेवल पटना और दिल्ली का 323 दर्ज किया गया। गांधी मैदान इलाके में चलने वाली हवा में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शुक्रवार शाम 7 बजे तक वहां का एक्यूआई लेवल 411 रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा वेटनरी कॉलेज इलाके के पास एक्यूआई लेवल 382, ईको पार्क के पास 332, दानापुर में 332, तारामंडल के पास 235 और पटना सिटी में 233 दर्ज किया गया। एकबार फिर से राज्य के कई शहरों में चलने वाली हवा लोगों के स्वास्थ्य के लिए खराब हो गई है। हवा में तेजी से धूलकण घुल रहा है। पटना, भागलपुर, सीवान सहित राज्य के 7 शहर रेड जोन में शामिल हैं। यहां का एक्यूआई लेवल 300 और 400 के बीच रिकॉर्ड किया गया है। बिहार का पूर्णिया देश में टॉप पर रहा। यहां का एक्यूआई लेवल 416 दर्ज किया गया।


