October 28, 2025

पटना समेत प्रदेश के 13 जिलों में पारा गिरा; गर्मी से मिली राहत 15 के बाद राज्य में दस्तक देगी ठंड

पटना। बिहार में पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कई जिलों से मानसून की विदाई हो चुकी है। वहीं अक्टूबर का आधा महीना लगभग बीतने वाला है, लेकिन अभी भी गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे प्रदेश में बारिश की कोई भी संभावना नहीं है। अधिकतर जिलों में धूप खिली रहेगी और तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास होगा। मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर के बाद मौसम में बड़े बदलाव की आशंका जताई है। रात में लोगों को ठंड का भी एहसास होगा। 17 अक्टूबर को कई जिलों में बारिश की संभावना है। 13 जिलों के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को दिन में तेज धूप और गर्मी ने लोगों को काफी परेशान किया। कल अक्टूबर महीने का अबतक का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर ही दर्ज किया गया है। गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। 36.8 डिग्री सेल्सियस के साथ वैशाली सबसे गर्म जिला रहा। बिहार के 13 जिलों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिसमें बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, भोजपुर, औरंगाबाद, बक्सर, भागलपुर,खगड़िया, पूर्णिया, अररिया समेत अन्य शामिल हैं। राज्य भर में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
15 अक्टूबर के बाद बदलाव की आशंका
वहीं मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर के बाद मौसम में बड़े बदलाव की आशंका जताई है। मौसम विभाग के अनुसार इस साल अक्टूबर का महीना सामान्य से ज्यादा गर्म रह सकता है। इसके साथ ही जल्द ही नमी का स्तर भी कम होने वाला है। अगले तीन दिनों के बाद उमस कम हो जाएगी। दस दिनों के बाद बिहार में मौसम का मिजाज बदल जाएगा, खासकर रात में ठंड महसूस होगी। शुक्रवार को भी पटना में पूरे दिन कड़ी धूप निकली रही। मौसम विभाग के अनुसार पटना में बारिश होने की संभावना बिल्कुल भी नहीं है। सुबह का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं हवा, नमी और अन्य मौसम की स्थितियों जैसे कारकों को ध्यान में रखते हुए तापमान 26 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हो सकता है। दोपहर का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। वहीं रात में पटना का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहेगी।

You may have missed