तेजस्वी की स्मृति मंधाना-तापसी पन्नू के साथ छपी कवर फोटो, जदयू का पलटवार
पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को नेशनल लेवल की मैगजीन ‘इंडिया टुडे’ ने अपने कवर पेज पर जगह दी है। तेजस्वी की तस्वीर क्रिकेटर स्मृति मंधाना, उद्यमी करण अडानी, फिल्म अभिनेत्री तापसी पन्नू और रॉकेट निर्माता पवन चंदाना के साथ प्रकाशित की गई है। मैगजीन ने तेजस्वी यादव को ‘ए टू जेड’ का राजनेता बताया है। मैगजीन के कवर पर तेजस्वी की फोटो छपने से राजद कार्यकर्ता फुले नहीं समा रहे हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया पर भी कवर पेज को पोस्ट किया है। वहीं जदयू ने इस पर पलटवार किया है।
जदयू बोला- राजद यह भी स्पष्ट करे
जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि विभिन्न विधाओं से वैसे 100 युवाओं की सूची बनाई गई है, जो 35 वर्ष से कम उम्र के हैं। उसमें तेजस्वी का नाम क्रिकेट से आता तो बात समझ में आती कि तेजस्वी में प्रतिभा है। शिक्षा में भी आता तो जनता समझ पाती कि तेजस्वी मेधावी हैं। लेकिन एक खास राजनीतिक दल में जन्म लेने के बाद अनुभव और वरीयता को दरकिनार कर तेजस्वी को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया। यह योग्यता नहीं अनुकंपा है। नीरज ने कहा कि राजद को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पत्रिका ने हिंदी एडिशन में तेजस्वी की फोटो छापी और अंग्रेजी में गायब क्यों कर दिया?
तेजस्वी के बारे में क्या कहा गया
‘इंडिया टुडे’ मैगजीन में बताया गया है कि तेजस्वी यादव के पिता लालू प्रसाद उस समय जेल में थे, जब वे 2020 में विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी की बागडोर संभाले हुए थे और ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं कर रहे थे। इस चुनाव में तेजस्वी ने अपनी पार्टी राजद को बिहार में सबसे ज्यादी सीटें दिलाईं। चाहे उनके माता-पिता हों या भाई-बहन, तेजस्वी ने राजद के पोस्टरों से उन्हें हटा दिया, ताकि वे पार्टी से कतराने वालों तक पहुंच बना सकें। राजद को एम की पार्टी से हर किसी का प्रतिनिधित्व करनी वाली पार्टी के रुप में स्थापित किया। मैगजीन ने तेजप्रताप यादव का भी जिक्र किया है।


