तेजस्वी ने केरल में बिहार और बिहारियों का किया अपमान: प्रभाकर मिश्र

  • तेज रफ्तार के साथ विकास के पथ पर दौड़ रहा बिहार
  • पिता ने बिहार को बदहाल किया और बेटा बिहार को कर रहे बदनाम

पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने तेजस्वी यादव द्वारा केरल में बिहार को गरीब कहे जाने पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कहा कि तेजस्वी यादव ने केरल में चुनाव प्रचार के दौरान बिहार को गरीब बताकर बिहार और बिहारियों का अपमान किया है। यह अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बिहार गरीब नहीं, विकसित राज्य बनने की तरफ अग्रसर है। एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कुशल नेतृत्व और आम जनता की कड़ी मेहनत एवं लगन से बिहार ने विकास का नया प्रतिमान कायम किया है। श्री मिश्र ने राहुल-तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा कि गुरु विदेश जाकर अपनी अज्ञानता का आतंक फैलाकर देश की छवि बिगाड़ने की कोशिश करता है और चेला केरल में बिहार की छवि धूमिल करने की पुरजोर कोशिश में जुटा है। पूरा देश जानता है कि बिहार में जंगलराज किसने कायम किया था? बिहार को किसने बदहाली के गर्त में धकेला था? पिता ने बिहार को बदहाल किया और पुत्र ने अपमान। 2005 के बाद बिहार में एनडीए की सरकार बनी और सुशासन कायम हुआ। एनडीए सरकार ने बिहार का कायाकल्प किया। आज का बिहार विकास का नित्य नया अध्याय लिख रहा है। बिहार को गरीब कहनेवाले खुद मानसिक रूप से दरिद्रता के शिकार हैं।