राजद की राज्य परिषद बैठक में जमकर गरजे तेजस्वी, कहा- जो लड़ेगा वो जीतेगा, सीबीआई से डरना छोड़ दिया
- राजद की राज्य परिषद बैठक में लालू-तेजस्वी हुए शामिल, उपमुख्यमंत्री ने कहा- राजद ने लड़ाई लड़ी और हम जीते
पटना। राजद की राज्य परिषद की बैठक का आयोजन बुधवार को किया गया। बैठक में मंच पर लंबे समय के बाद लालू दिखे। वहीं अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री तेजस्वी ने कहा कि जो डरेगा वो मरेगा और जो लड़ेगा वो जीतेगा। उन्होंने कहा कि राजद ने लड़ाई लड़ी और हम जीते। बिहार में एक बार फिर से महागठबंधन की सरकार बनी। हम सात दल एक साथ हैं। झूठ की पार्टी भाजपा एक तरफ खड़ी है। महागठबंधन की सरकार बनने से पूरे देश में एक बड़ा संदेश गया है। महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से भाजपा वालों का कोई पता नहीं है। सरकार में हमारी भूमिका जितनी है, उतनी भूमिका कार्यकर्ताओं की है।
जारी रहेगा जीत का सिलसिला : तेजस्वी यादव
तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा विपक्ष को डराने और दबाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। तमाम मुश्किलों के बाद भी हमने बिहार में सरकार बनाई। इसके लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, शरद यादव और लालू प्रसाद यादव जी को धन्यवाद। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार ने सही समय पर सही फैसला लिया। भाजपा को छोड़कर सत्ता से बाहर कर दिया। हमने सीबीआई, इडी और इनकम टैक्स से डरना छोड़ दिया है। लालू जी आज लड़े हैं तो जीते हैं। हम आगे भी जीतते आएंगे।
2024 के लिए संगठन को करेगें मजबूत
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि कार्यकर्ता अभी से 2024 की तैयारी शुरू कर दें। अपने संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि अपने सभी मंत्रियों की बैठक बुलायी थी। सरकार की एक महीने हो गए तो सभी के कार्य की समीक्षा करना जरूरी था। सभी मंत्रियों को निर्देश दिया गया है। मगर मंत्री और विधायक जिलाध्यक्ष को सम्मान देंगे को लोगों में अच्छा संदेश जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि राजद के बैनर और पोस्टर में कबीर और रविदास जी का फोटो भी लगाया जाए। हमें इनके काम से सीखने की जरूरत है।


