राजनीति में भ्रष्टाचार के पोषक हैं तेजस्वी : प्रभाकर मिश्र

  • बिहार के विकास को अदृश्य बताने वाले की आंखों पर लगा है भ्रष्टाचार का चश्मा, 2025 विधानसभा चुनाव में राजद की दुर्गति तय

पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर किये गये पोस्ट पर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि विकास क्या होता है, ये तेजस्वी यादव को कभी समझ में नहीं आ सकता। विकास को देखने के लिए आंखों पर से भ्रष्टाचार का चश्मा हटाना पड़ता है। लालू ने राजनीति में भ्रष्टाचार का मिलावट किया और तेजस्वी यादव राजनीति में भ्रष्टाचार के सबसे बड़े पोषक बन गये हैं।‌ भाजपा प्रवक्ता ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि तेजस्वी यादव बिहार के विकास को अदृश्य बता रहे हैं, इसका मतलब है कि नेता प्रतिपक्ष की आंख और उनके दिमाग, दोनों में गड़बड़ी है। उन्हें या तो दिखता नहीं है, या फिर जो दिखता है, उसे समझते नहीं हैं। बिहार का विकास शहर से लेकर सुदूर गांवों में भी महसूस किया जा रहा। पूरे देश में बिहार के विकास का डंका बज रहा है। 2005 के बाद बिहार का कायाकल्प हो चुका है। माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी की प्रगति यात्रा से आगामी विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचारियों की दुर्गति तय है। इसलिए प्रगति यात्रा ने तेजस्वी यादव की नींद उड़ा दी है। तेजस्वी कार्यकर्ताओं से संवाद करने के लिए यात्रा नहीं कर रहे, बल्कि अपनी खिसक चुकी राजनीतिक जमीन की तलाश में भटक रहे हैं, यही कारण है कि अपने आका के आतंक की भूमि सीवान में कार्यकर्ता संवाद के बहाने मत्था टेकने जा रहे हैं। लेकिन, इस चतुराई से भी उनकी विदाई नहीं रुकने वाली। 2025 में तेजस्वी की राजनीतिक विदाई तय है।

You may have missed