तेजस्वी का केंद्र-राज्य सरकार पर हमला : कहा- जुगाड़ टेक्नोलॉजी से सबसे ज्यादा दिनों तक सीएम बनने का रिकार्ड; बोआई, कटाई, महंगाई से आम जनता त्रस्त
file photo
पटना। राजद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधान पार्षद कृष्ण कुमार सिंह अपने हजारों समर्थकों के साथ जदयू से त्याग पत्र देकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर विश्वास करते हुए राजद की सदस्यता ली। तेजस्वी यादव इन्हें सदस्यता ग्रहण कराते हुए कहा कि आप सभी राष्ट्रीय अध्यक्ष के विचारों के साथ पार्टी की नीति एवं सिद्धांतों को मजबूती प्रदान करने के लिए गांव व किसानों के बीच जाएं और लोगों के सुख और दु:ख में शामिल हो। तेजस्वी ने कहा कि हम जोड़ने की बात करते है लेकिन जदयू के लोग तोड़ने की बात करते हैं। हम काम की बात करते हैं, वे लोग बेकार के बात करते हैं।
आज देश की संपत्ति को बेचना ही देश भक्ति
उन्होंने कहा कि बाढ़ और खाद की किल्लत से किसान परेशान है। उन्हें फसल उगाने में जो परेशानी हो रही है, उसका वर्णन नहीं किया जा सकता है। किसान की बात करने से केन्द्र सरकार घबराती है। किसान से मिलने के लिए समय नहीं है। बोआई, कटाई, महंगाई से आम जनता त्रस्त है। पेट्रोल और डीजल सेंचुरी पार कर गया है, लेकिन उनके लिए महंगाई मुद्दा नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि आज देश की संपत्ति को बेचना ही देश भक्ति है। विशेष राज्य का दर्जा और विशेष पैकेज का क्या हुआ, सिर्फ भ्रम फैलाकर ये लोगों को ठगते हैं। बिहार में सिर्फ अधिकारियों की सुनी जाती है, जन प्रतिनिधियों का कोई इज्जत नहीं है।
मौजूदा सरकार से कोई संतुष्ट नहीं
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार जनता दरबार ऐसा लगाते हैं, जैसे अधिकारियों का दरबार हो, बिना एप्वाटमेंट के कोई नहीं मिलता है। जबकि लालू यादव समेत सभी पूर्व मुख्यमंत्री जनता के सामने जाकर उनकी समस्याएं सुनते थे। नीतीश के जनता दरबार में गरीब-गुरबा की बात नहीं सुनी जाति है क्योंकि उन्हें पता ही नहीं होता है कि रजिस्ट्रेशन कैसे कराना है। जनता से इनका कभी जुड़ाव नहीं रहा और ना ही कभी अपने बलबुते सरकार में रहे। बैसाखी के सहारे जुगाड़ टेक्नोलॉजी से सबसे ज्यादा दिनों तक मुख्यमंत्री बनने का पलटी मार-मार कर रिकार्ड बनाया और हमेशा विचार और नीतियों से सत्ता के लिए समझौता किया। उन्होंने कहा कि आज चारों ओर बेईमानी और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। मौजूदा सरकार से कोई संतुष्ट नहीं है। लोगों को गुमराह करके धर्म के आधार को एजेंडा में बदलकर काम किया जा रहा है।
ये रहे उपस्थित
मिलन समारोह की अध्यक्षता राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह ने की जबकि संचालन प्रवक्ता चितरंजन गगन ने की। इस अवसर पर विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, श्याम रजक, भोला यादव, डॉ. तनवीर हसन, महेश्वर सिंह, पूर्व सांसद रामा सिंह, विधायक भाई विरेन्द्र, डॉ. सुनील कुमार सिंह, अनिता देवी, संगीता देवी, भरत बिन्द, छोटे लाल राय सहित अन्य नेता शामिल थे।


