September 14, 2025

PATNA : दानापुर में स्नान के दौरान गंगा में डूबा किशोर, तलाश जारी

पटना। बिहार की राजधानी पटना में स्नान के दौरान किशोर गंगा में डूब गया। दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज के राजपूतना घाट पर यह हादसा हुआ है। बताया जाता है कि स्नान करने के दौरान किशोर गहरे पानी में चला गया। जिसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि अभी तक शव नहीं मिल पाया है। मृतक की पहचान नासरीगंज चाई टोला के रहने वाले भोला राय के 15 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार के रूप में हुई है। वह अपने दो दोस्तों के साथ राजपूतना घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान पैर फिसल कर गहरे पानी में चले जाने से डूब गया और तेज धारा में बह गया। मोनू को डूबते देखकर दोनों दोस्त ने हल्ला किया लेकिन गंगा की तेज धारा में वह बह गया। घटना के बाद दोनों दोस्तों ने इसकी जानकारी मोनू के परिजनों को दी। इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतक की मां हेमंती देवी और घर के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। किशोर की तलाश के लिए गंगा नदी में खोजबीन शुरू कर दी गई। वहीं, इस घटना की जानकारी सीओ और पुलिस थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तहकीकात करते हुए इसकी जानकारी एसडीआरएफ टीम को दी। जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने भी पहुंचकर काफी खोजबीन की लेकिन मोनू का कुछ पता नहीं चला।

You may have missed