November 1, 2025

प्रदेश में बीपीएससी से नियुक्त शिक्षकों को संपत्ति का ब्योरा देना अनिवार्य, शिक्षा विभाग का निर्देश जारी

पटना। शिक्षा विभाग ने सभी शिक्षकों के लिए उनके संपत्ति का ब्योरा देना अनिवार्य कर दिया है। बीपीएससी से नियुक्त हुए सभी शिक्षकों को अपने संपत्ति का ब्योरा देना होगा। दरअसल, मुजफ्फरपुर जिले में शिक्षा विभाग ने सभी पदाधिकारियों, सरकारी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों और कर्मचारियों के लिए अपनी चल-अचल संपत्ति का विवरण देना अनिवार्य कर दिया है। डीपीओ (स्थापना) की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनवरी महीने का वेतन केवल संपत्ति का ब्योरा जमा करने के बाद ही दिया जाएगा। बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से पहले और दूसरे चरण में चयनित विद्यालय शिक्षकों को भी अपनी संपत्ति का विवरण जमा करना होगा। डीपीओ ने यह निर्देश जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान, माध्यमिक शिक्षा, पीएम पोषण योजना, विद्यालय अवर निरीक्षक और सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र भेजकर दिया है। इसके अलावा, यह आदेश राजकीय, राजकीयकृत, प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय, प्राथमिक, बुनियादी, मध्य विद्यालय, संस्कृत विद्यालय, मदरसा और अल्पसंख्यक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक और शिक्षकों पर भी लागू होगा। सभी संबंधित संस्थानों को कर्मचारियों की सूची और उनकी चल-अचल संपत्ति का विवरण पेन ड्राइव के माध्यम से जमा कराने का निर्देश दिया गया है।
बिहार विश्वविद्यालयों में जल्द मिलेंगे समाजशास्त्र के नए शिक्षक
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय को जल्द ही समाजशास्त्र विषय के नए शिक्षक मिलने वाले हैं। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग ने इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी कर फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस सूची में 108 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिनमें से कई मुजफ्फरपुर जिले के भी हैं।
नियुक्ति प्रक्रिया का अगला चरण
अब आयोग द्वारा संबंधित विश्वविद्यालयों को चयनित अभ्यर्थियों की सूची (पैनल) भेजी जाएगी। यह प्रक्रिया इसी महीने पूरी होने की संभावना है। पैनल प्राप्त होने के बाद विश्वविद्यालयों में चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें पीजी विभाग और विभिन्न कॉलेजों में नियुक्त किया जाएगा।
अन्य विषयों में भी जल्द होंगे शिक्षक नियुक्त
हाल ही में गणित, बांग्ला, दर्शनशास्त्र और मनोविज्ञान जैसे विषयों में नए शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। आने वाले दिनों में अन्य विषयों के लिए भी नई भर्तियां पूरी की जाएंगी। बेहतर प्रदर्शन वाले प्रधानाध्यापकों को किया जाएगा सम्मानित मुजफ्फरपुर समाहरणालय के सभागार में मंगलवार को स्कूलों के बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक प्रखंड से दो स्कूलों के हेडमास्टर, जिनके स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति सबसे अधिक रही है, को बुलाया गया है। इस कार्यक्रम में 32 प्रधानाध्यापक शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रधानाध्यापक अन्य स्कूलों को उपस्थिति बढ़ाने के तरीके साझा करेंगे। इसके अलावा, स्कूलों में चल रही विकास योजनाओं, जैसे चहारदीवारी, शौचालय और भवन निर्माण की भी समीक्षा की जाएगी।

You may have missed