February 15, 2026

औरंगाबाद में अपराधियों ने शिक्षक को मारी गोली, घटनास्थल पर हुई मौत

औरंगाबाद। बिहार में अपराधी बेलगाम होते जा रहे हैं। वहीं अपराध की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। अपराधियों को पुलिस का भय नहीं रह गया हैं। इसी कड़ी में ताज़ा मामला औरंगाबाद जिले का है, जहां घर से कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने एक शिक्षक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के चौठी गांव की है, जहां बदमाशों ने एक शिक्षक को गोली मार दी। गोली लगते ही शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चौठी विगहा गांव निवासी रफीक आलम के 34 वर्षीय पुत्र जुबैर खान के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मृतक सरकारी स्कूल के शिक्षक थे।

बताया जा रहा है कि बीते शनिवार की शाम वह गोह थाने के पास स्थित अपने पिता की टेलर की दुकान से वापस अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान बिलारू पुल के पास बदमाशों ने शिक्षक को गोली मार दी। घटना के बाद उन्हें पीएचसी में भर्ती कराया गया, मगर दुर्भाग्यवश उनकी मौत हो गई। वही स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद गोह थानाध्यक्ष शमीम अहमद दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद जहां एक तरफ ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया है तो वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। साथ ही यह दावा किया जा रहा है कि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा।

You may have missed