पटना हाईकोर्ट के आदेश के बाद सभी शहरों में काम पर लौटे सफाईकर्मी

पटना। पटना समेत राज्य भर के नगर निकायों में पिछले नौ दिनों से जारी हड़ताल पटना हाईकोर्ट के आदेश के बाद बुधवार को समाप्त हो गई। इसी के साथ शहर की सफाई भी शुरू हो गई है। गुरुवार से सभी दैनिक सफाईकर्मी काम पर लौट जाएंगे। पटना नगर निगम कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के बैनर तले नगर निगम प्रधान कार्यालय परिसर में बुधवार को आम सभा कर हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की गई। साथ ही हाईकोर्ट के आदेश का पटाखा छोड़ स्वागत किया।
बिहार लोकल बॉडिज कर्मचारी संघ, बिहार स्थानीय निकाय महासंघ के आह्वान पर जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल हाईकोर्ट के निर्णय के अलोक में पूरे बिहार में स्थगित कर दी गयी है। नेताओं ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्णय का अध्ययन करने के बाद संचालन समिति ने संतोष प्रकट करते हुए हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। सभा को संबोधित करते हुए मोर्चा के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश सिंह ने कहा कि हम कोर्ट का सम्मान करते हुए हड़ताल स्थगित कर रहे हैं। मजदूरों के अधिकारों का हनन हमलोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। वहीं प्रवक्ता जितेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन की दमनकारी नीति और नगर आयुक्त के हड़ताल खत्म होने के भ्रम फैलाने के बाद भी कर्मचारी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा तक हड़ताल पर अड़े रहे हैं। इसके लिये वो बधाई के पात्र हैं। सभा का संचालन करते हुए संयोजक मंगल पासवान ने कहा कि दैनिक मजदूरों को स्थायी करने और आउटसोर्सिंग समाप्त करने का निर्देश देते हुए 21 अक्तूबर तक नगर विकास सचिव को हलफनामा दायर करने को कहा है।
बिना सफाईकर्मी के निकला डोर टू डोर वाहन
बुधवार को निगम के सभी अंचलों में डोर टू डोर वाहनों को निकाला गया लेकिन कचरा वाहनों के साथ सफाई कर्मी नहीं थे। वाहन चालकों ने कूड़ा वाहनों को वार्डों में डोर टू डोर वाहन को घुमाया और लोगों ने अपने-अपने घरों में जमा कूड़ा को वाहन के अंदर डाला। वहीं मुख्य और प्रमुख सड़कों के साथ गली-मोहल्लों और सब्जी मंडियों से नगर निगम ने युद्ध स्तर पर कूड़ा उठाया गया।

About Post Author

You may have missed