बेगूसराय में शराब पीने से युवक की संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में शराब पीने के बाद एक युवक संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। घटना चकिया थाना क्षेत्र के सिमरिया घाट बिंद टोली के पास की है। मृतक की पहचान सिमरिया घाट निवास स्वर्गीय अनिल झा के पुत्र गोलू कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा हो सकेगा की गोलू की मौत कैसे और किस परिस्थिति में हुई है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि गोलू कल शाम अपने कुछ मित्रों के साथ बकरी खरीदने की बात घर में कहकर सिमरिया घाट बिंद टोली गया था। देर रात में सूचना मिली कि वह बेहोश पड़ा हुआ है। हम लोग वहां तुरंत पहुंचे और उठाकर अस्पताल लाया। डॉक्टरों में मृत घोषित कर दिया। गोलू के मुंह और नाक से झाग निकल रहे थे। जिसके कारण आशंका है कि उसे कुछ मिलाकर पिला दिया गया। परिजनों का स्पष्ट रूप से कहना है कि गोलू अपने रिश्ते के भांजा नेपाली के साथ बिंद टोली गया था। वहां सभी ने जमकर शराब पी, गोलू ने भी शराब पिया था। उसके बाद मौत हुई है। इसी से लग रहा है कि उसे शराब में कुछ मिलाकर पिला दिया गया। हालांकि, पोस्टमार्टम में सिर में जख्म के गंभीर निशान पाए गए हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और सिमरिया घाट पर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि मृतक गोलू समस्तीपुर जिला के मऊ का निवासी है और इसके वंशज सिमरिया घाट पर आकर बस गए। गोलू असामाजिक प्रवृत्ति के लोगों के साथ रहता था। चोरी-छिनतई में भी यह शामिल रहा है और इसी को लेकर घटना हुई है। इस संबंध में चकिया थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि सिमरिया घाट कल्पवास क्षेत्र के पास बाइक सवार सड़क पर अनियंत्रित होकर गिर गया था, जिसमें गोलू घायल हुआ था और इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
