बिहार सरकार में सहकारिता मंत्री सुरेंद्र यादव को मिली जान से मारने की धमकी, एसएसपी को पत्र लिख मांगी मदद

पटना। बिहार में महागठबंधन की सरकार है और इसी के नेता सरकार में मंत्री पद पर भी बने हुए हैं। राज्य सरकार के तरफ से मंत्री की सुरक्षा के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल भी लगाए गए हैं लेकिन इसके बावजूद वो खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। यही वजह है कि बिहार सरकार के एक मंत्री ने एसएसपी को लेटर लिखकर अपनी जान का खतरा बताया है। बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री सह बेलागंज विधायक डॉ सुरेंद्र प्रसाद यादव ने गया एसएसपी को लेटर भेज कर अपनी हत्या की आशंका जतायी है। जिसके बाद एसएसपी ने इसे गंभीरता से लिया और एक व्यक्ती के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, एसएसपी को भेजे पत्र में सहकारिता मंत्री ने बताया है कि क्षत्रिय सेवा महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष धनवंत सिंह राठौर ने उनकी हत्या के लिए उकसाने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला है। राठौर ने सरकार के मंत्री को अपराधी बताते हुए यह सार्वजनिक घोषणा की है कि जो व्यक्ति इस कृत्य को अंजाम देगा, उसे 11 करोड़ रुपये की राशि इनाम स्वरूप दी जायेगी। मंत्री ने कहा है कि,इस वीडियो से यह प्रतीत होता है कि धनवंत सिंह राठौर को भारतीय संविधान व कानून व्यवस्था में विश्वास नहीं है और वह प्राण व दैहिक स्वतंत्रता का हनन करने वाला आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है।

You may have missed