नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल नौवे दिन भी जारी: बोले- कम से बातचीत के बाद ही फैसला लेंगे

पटना। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के हड़ताल का आज नौवां दिन है। सड़क पर फैले कचरे और उससे आ रही दुर्गन्ध से तो लोग पहले से ही परेशान थें। हड़ताल कर्मियों का कहना है कि सीएम से बातचीत के बाद ही हड़ताल तोड़ने पर सोचेंगे। पटना नगर निगम द्वारा विशेष रात्रि अभियान की शुरुआत की गई थी। इस अभियान में पदाधिकारी कर्मचारी और सफाई कर्मचारियों ने रात में घूम-घूम कर पूरे शहर की सफाई की। रात 8 बजे से लेकर सुबह 8 बजे तक यह विशेष अभियान चलाया गया। इस सफाई अभियान का थोड़ा असर कल देखने को मिला। पटना के कई जगहों से कूड़ा उठाव किया गया। एग्जीबिशन रोड, बोरिंग रोड, डाकबंग्ला, आदि जगहों पर झाड़ू लगाकर सफाई की गई। 12 घंटे तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान सभी कार्यपालक पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, टास्क फोर्स की टीम को सफाई का निर्देश दिया गया है। अटल पथ, कुर्जी, गांधी मैदान, बोरिंग रोड, नेहरू पथ एवं अन्य इलाकों के लिए मुख्यालय की टीम तैनात की गई है।
मुख्यमंत्री के बुलावे का है इंतज़ार, तक हड़ताल पर डटे रहेंगे
पटना नगर निगम कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश सिंह ने कहा की महापौर से लेकर स्थायी समिति के सदस्यों को नगर निगम कर्मियों की थोड़ी सी भी चिंता नहीं है। हड़ताल में शामिल कर्मियों पर जो मुकदमा दर्ज किया जा रहा है उसका कोई आधार ही नहीं है। नगर प्रबन्धक के मुकदमा दायर कर देने से हड़ताली कर्मी थोड़ा सा भी भयभीत नहीं है। हड़ताल दिन प्रतिदिन और मजबूत ही होते जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर सोमवार को सफाई कर्मी मुख्यमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन करने निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौर्या लोक कॉम्प्लेक्स के पास ही रोक लिया। पटना नगर निगम कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह समेत 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सचिवालय गए। कैबिनेट बैठक होने के कारण वो मुख्यमंत्री से मिल नहीं पाए। वहां कार्य पदाधिकारी उनसे मिले और ज्ञापन भी लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी बात सुनी जाएगी। सीएम उनके परिस्थिति से अवगत हैं और जल्द ही उनसे मिलने के लिए सूचना भेजेंगे। हालाँकि, अभी तक मुख्यमंत्री की ओर से बुलावा नहीं आया है। अध्यक्ष ने आगे कहा कि हम मुख्यमंत्री के यहां से वार्ता के लिए बुलावे का इंतजार कर रहे हैं तब तक हड़ताल पर डटे रहेंगे।
हर वार्ड में 20 सफाईकर्मी को रखा गया
आने वाले पर्व त्योहार को देखते हुए पटना नगर निगम द्वारा हर दिन वार्ड में अतिरिक्त 20 मजदूरों को रख कर उनसे सफाई और कूड़ा उठाव का कार्य लिया जा रहा है। पटना में 1500 अतिरिक्त सफाईकर्मियों को रखा गया है। इनके द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर की सुंदरता को बनाए रखने के लिए दैनिक सफाई मजदूर के सामान ही राशि का भुगतान किया जाएगा।
