पटना में दिनदहाड़े अपराधियों ने युवक को मारा चाकू, लूट का विरोध करने पर किया घायल

  • ग्रामीणों ने बचाई की जान, नगद और मोबाइल लेकर अपराधी फरार, युवक अस्पताल में भर्ती

पटना। बिहटा के आईआईटी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के पास दिनदहाड़े युवक से लूट को अंजाम दिया गया। विरोध करने पर बदमाशों ने हत्या की नीयत से गले पर चाकू से वार कर दिया। इससे युवक जख्मी हो गया। पीड़ित युवक खेतों में काम कर रहे लोगों की तरफ भागकर जान बचाई। ग्रामीणों को देखते ही बदमाश मौके से मोबाइल और नगद लेकर फरार हो गए। घायल युवक की पहचान खगौल थाने के विश्वजीत कुमार के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल युवक के परिजनों को सूचित करते हुए निजी वाहन से इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए पटना रेफर कर दिया। पीड़ित युवक ने कहा कि दोस्त के साथ बाइक से इधर आए थे। अचानक उसने कई लोगों को बुला लिया। लूट को अंजाम देने लगे। इसका विरोध करने पर मारपीट की गई। फिर हत्या करने के लिए चाकू से गले पर वार कर दिया। आईआईटी के थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि एक युवक से मोबाइल छिनतई की घटना की सामने आई है। इस मामले में युवक जख्मी है। इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। फिलहाल सभी मामलों पर जांच की जा रही है।

You may have missed