February 10, 2026

अरवल में दर्दनाक सड़क हादसा, मोबाइल स्क्वाड के सिपाही की मौके पर मौत

अरवल। जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 139 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में परिवहन विभाग के बिहार मोबाइल स्क्वाड के एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे विभाग और इलाके को शोक में डुबो दिया है। मृत सिपाही की पहचान 28 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापनगर गांव निवासी मैनेजर यादव के पुत्र थे। हादसे में एक अन्य सिपाही, एक मोटरयान निरीक्षक और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, बिहार परिवहन विभाग की मोबाइल स्क्वाड टीम सोमवार की रात बलिदाद बाजार के समीप नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इस दौरान टीम राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरलोड और बिना कागजात वाले वाहनों की जांच कर रही थी। सिपाही मुकेश कुमार एक ट्रक चालक को, जो सकरकंद लोड किए हुए था, ओवरलोडिंग का चालान थमा रहे थे। उसी समय टीम के अन्य सदस्य भी अलग-अलग वाहनों की जांच में व्यस्त थे। इसी बीच औरंगाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा गिट्टी लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े सकरकंद लोड ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खड़ा ट्रक आगे की ओर बढ़ते हुए मोटरयान निरीक्षक की स्कॉर्पियो गाड़ी से जा टकराया। इस पूरी घटना के दौरान सिपाही मुकेश कुमार स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच फंस गए और गंभीर रूप से कुचल गए। अत्यधिक चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में बिहार मोबाइल स्क्वाड के एक अन्य सिपाही गौतम कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक प्रवीण यादव भी बुरी तरह जख्मी हो गया। स्कॉर्पियो में सवार मोटरयान निरीक्षक विपुल कुमार को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल अरवल ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। ट्रक चालक की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मेहंदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को जब्त कर लिया है। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाने के बाद आवागमन सामान्य कराया जा सका। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृति कमल भी मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले की छानबीन की। प्रशासन ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रक के अनियंत्रित होने की असली वजह क्या थी। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। इस हादसे ने मृत सिपाही मुकेश कुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। स्वजनों के अनुसार, मुकेश कुमार की महज आठ महीने पहले ही शादी हुई थी। उनकी पत्नी मुन्नी कुमारी भागलपुर परिवहन विभाग में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। दुखद संयोग यह है कि 10 फरवरी को मुकेश कुमार की बहन की शादी निर्धारित थी, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। परिवहन विभाग के अधिकारियों और सहकर्मियों ने मुकेश कुमार की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। विभागीय स्तर पर उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती सिपाही बताया गया है। यह हादसा एक बार फिर सड़क पर चल रहे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल प्रशासन मामले की गहन जांच में जुटा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।

You may have missed