मसौढ़ी में चलाया गया विशेष वाहन चेकिंग अभियान, चार हजार वसूला गया जुर्माना
मसौढ़ी। पटना जिले के मसौढ़ी अनुमंडल क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सोमवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान लहसुना थाना क्षेत्र के कोरियावा-जगदीशपुर मुख्य पथ पर स्थित घोरहुआ मोड़ के समीप चलाया गया, जहां बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। अभियान का नेतृत्व लहसुना थानाध्यक्ष खुशबू खातून ने किया। उन्होंने बताया कि इस विशेष चेकिंग अभियान के तहत कुल 50 से अधिक वाहनों की जांच की गई। इसमें वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) और हेलमेट जैसे जरूरी दस्तावेजों और सुरक्षा उपायों की जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 4,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि जिन वाहनों के कागजात अधूरे पाए गए, उनसे जुर्माना वसूल कर उन्हें आवश्यक चेतावनी दी गई और भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें, ताकि वाहन चेकिंग के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। अभियान के दौरान बिना हेलमेट व ड्राइविंग लाइसेंस के चल रहे कई युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और मौके से इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ वाहन चालक रास्ता बदलकर भागने की कोशिश करते भी देखे गए, लेकिन पुलिस ने संयम और कुशल रणनीति के तहत उन्हें रोका और नियमों की जानकारी देकर छोड़ा। कुछ चालकों को मौके पर ही दंडित कर उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं कई लोगों ने अपनी गलती स्वीकार की और आगे से नियमों का पालन करने का वादा किया। चेकिंग अभियान से स्थानीय लोगों में भी सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैली है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के वाहन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे ताकि क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोग यातायात नियमों को गंभीरता से लें। थानाध्यक्ष ने कहा कि विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य है और यह उनकी स्वयं की सुरक्षा के लिए जरूरी है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि ऐसे अभियान से नियम तोड़ने वालों में डर पैदा होगा और लोग अधिक सतर्कता से वाहन चलाएंगे। यह चेकिंग अभियान पुलिस विभाग की सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा था, जो आगे भी समय-समय पर विभिन्न इलाकों में चलाया जाएगा। थानाध्यक्ष ने अंत में कहा, “हमारा उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित रखना है। नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।”


