यूपी चुनाव को लेकर गर्म हुआ माहौल, EVM की सुरक्षा पर सपा कार्यकर्ताओं ने संभाला मोर्चा

यूपी। यूपी में सातों चरण का चुनाव सम्पन्न हो चुका है। अलग-अलग एग्जिट पोल को लेकर कमोबेश समान कयास लगाए जा रहे हैं। ईवीएम की सुरक्षा को लेकर यूपी के हर जिले में बनाए गए स्ट्रांग रूम के बाहर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मोर्चा संभाले हुए हैं। कमिश्नर डीके ठाकुर ने बताया कि ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं। स्ट्रॉन्ग रूम चुनाव पर्यवेक्षकों और उम्मीदवारों की उपस्थिति में सुबह 7 बजे के आस-पास खोला जाएगा। 10 मार्च को सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू होगी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। वही इसके पूर्व उन्नाव में लेखपाल के पास से ईवीएम को सील करने का सामान बरामद किया गया है। सपा कार्यकर्ताओं ने इसके बाद से ही हंगामा काटना शुरू कर दिया।

ईवीएम की सुरक्षा को लेकर सपाई सतर्क
ईवीएम की सुरक्षा को लेकर यूपी के हर जिले में बनाए गए स्ट्रांग रूम के बाहर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मोर्चा संभाले हुए हैं। वे उस मार्ग से होकर गुजरने वाले हर वाहन की जांच कर रहे हैं। इस संबध में पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि योगी सरकार का उत्तर प्रदेश से सूपड़ा साफ हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जाति की राजनीति करते हैं।
लोकतंत्र की लड़नी होगी लड़ाई : अखिलेश यादव
यूपी के पूर्व सीएम और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस प्रेस वार्ता से पहले जनवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह चौहान सहित सुभासपा सुप्रीमो ओमप्रकाश राजभर के साथ लंबी बैठक की। उसके बाद उन्होंने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा, ‘इस चुनाव में जिन लोगों ने वोट दिया है, उनकी यह जिम्मेदारी है कि वे ईवीएम की रक्षा करें। वे अपने मतदान को सुरक्षित करें क्योंकि यह सरकार बनाने और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। यदि इस बार भी इनकी साजिश पूरी हो जाएगी तो अगली बार आंदोलन करने के बाद ही इन लोगों को साजिश करने से रोका जा सकता है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले चुनावों में तकरीबन 47 सीटें ऐसी थीं जहां जीत का अंतर बहुत कम था। उन जगहों पर 5000 वोट के अंतर से सपा के नेताओं को हराया गया था। इस बार भी ऐसा ही कुछ करने की साजिश रची जा रही है। वाराणसी और सोनभद्र में ईवीएम को बिना किसी को जानकारी दिए हुए ले जाते हुए पकड़ा गया। उसका वीडियो बनाया गया। उसमें 3 ईवीएम और 500 फर्जी बैलट पेपर पाए गए। उन्होंने कहा कि कचड़ा उठाने वाली गाड़ी से ईवीएम को एक स्थान से उठाकर बिना किसी पूर्व सूचना के दूसरी जगह ले जाया जा रहा था।
सपा की सरकार बनने की आहट से घबराए भाजपाई : अखिलेश
सपा सुप्रीमो एवं यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि मीडिया में कुछ दिनों पहले एक खबर छपी थी कि अखिलेश यादव का घर साफ कराया जा रहा है। इसके बाद से ही साजिश करके मतदान में गड़बड़ी करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ से बड़े स्तर के अफसर डीएम आदि को फोन करके उन्हें गलत काम करने पर मजबूर किया जा रहा है। सोनभद्र और वाराणसी के डीएम के खिलाफ उन्होंने कार्रवाई की मांग की है। वही समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार की शाम को मतगणना से पहले चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि काउंटिंग न हो जाने तक स्ट्रांग रूम पर नजर बनाकर रखना जरूरी है। उन्होंने काउंटिंग से पहले वायरल हो रहे एक वीडियो के आधार पर उन्होंने कहा कि जहां पर भारतीय जनता पार्टी हार रही थी, वहां अधिकारियों को निर्देश देकर वोटिंग धीमी रफ्तार में करवाई गई। बाद में आंकड़ों में हेराफेरी की गई है।
एग्जिट पोल में बहुत बड़ा झोल है : नरेश उत्तम पटेल, सपा
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का कहना है कि सपा 350 सीट जीतकर सरकार बना रही है। बीजेपी के नेता आपस में ही लड़ने लगे हैं। वे एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इससे पता चलता है कि समाजवादी पार्टी की गठबंधन सरकार बनेगी। एग्जिट पोल में बहुत बड़ा झोल है। सपा की ही सरकार बनेगी।