प्रदेश में दक्षिण ग्रामीण बैंक की आज हड़ताल, कई मांगों को लेकर सड़क पर उतरे कर्मी

पटना। दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक की 1,078 शाखा आज भी बंद है। कामकाज पूरी तरह से ठप है। बैंक कर्मियों ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दो दिन के लिए हड़ताल की घोषणा की थी। सोमवार को भी बैंक बंद रहा है। मंगलवार के दिन भी सभी दक्षिण बिहार के ग्रामीण बैंक बंद हैं। बैंक के कर्मियों ने 17 सूत्री मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर दिल्ली कूच की बात कही है। ऑफिसर फेडरेशन के सहायक महासचिव पंकज कुमार ने बताया कि 17 सूत्री मांगों को लेकर हमलोग हड़ताल पर हैं। दक्षिण बिहार के सभी ग्रामीण बैंक के कर्मी हड़ताल पर हैं। भ्रष्टाचार जो दक्षिण बिहार के प्रबन्धन में व्यापत है, इसके विरोध में हड़ताल है। प्रबंधन के समक्ष वार्ता का प्रस्ताव भी रखा गया। लेकिन उनलोगों ने बातों को मानने से इनकार कर दिया। बैंक प्रोफिट में है, फिर भी सुविधाओं का कोई ख्याल नहीं है। ट्रांसफर नीति को इग्नोर किया जा रहा है। प्रबंधन नहीं चाहता है कि इस पर समझौता हो। मनोरंजन कुमार सुमन ने बताया कि 17 सूत्री मांग प्रबंधन के समक्ष रखा गया था। उनके द्वारा आश्वासन भी दिया गया। लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया। इसीलिए आज हड़ताल है। 15 दिन पहले ही हड़ताल को लेकर प्रबंधन को नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद भी प्रबंधन ने कोई वार्ता नहीं किया। प्रबंधन बहुत सारे लोगों को गलत तरीके से प्रमोशन दे रहा है। जिनके ऊपर केस दर्ज है, चार्जशीटेड हैं, उन्हें भी प्रोमोशन दिया जा रहा है। बैंक हित में काम होना चाहिए, जो नहीं हो रहा है। अगर मांग पूरी नहीं हुई तो दिल्ली कूच करेंगे। पीएनबी मैनेजमेंट से वार्ता करेंगे। वित मंत्रालय के समक्ष भी बात रखेंगे। नहीं सुनने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। बैंक में प्रबंधन स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के ऊपर कार्रवाई की जाए। प्रोन्नति में रिटेन परीक्षा समाप्त करते हुए इंटरव्यू के आधार पर प्रोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जाए। प्रमोशन की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए। लिखित, PAF, साक्षात्कार के अंक प्रदर्शित किए जाएं।
