February 15, 2026

सोनिया करेंगी हस्तक्षेप-मान जाएंगे लालू,शीघ्र सुलझेगा महागठबंधन में सीटों का मसला

पटना।बिहार में पहले चरण के चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी हो गई है। बावजूद इसके अभी तक सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन में शामिल दो प्रमुख दलों राजद और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हो सका है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से करीब 80 सीटों की डिमांड हो रही है,जबकि राजद की कोशिश कांग्रेस को 60 सीटें देने की है। इसी को लेकर दोनों पार्टियों में गतिरोध कायम है। फिलहाल दोनों ही पार्टियों के आला नेताओं की बैठकों का दौर जारी है। महागठबंधन में शामिल राजा तथा कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे का मसला अंततः कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा राजद सुप्रीमो लालू यादव के बीच वार्ता के उपरांत ही हो सकेगा।विश्वस्त सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी सीटों के शेयरिंग को लेकर राजद अध्यक्ष लालू यादव से बात कर सकती हैं।विश्वस्त सूत्रों का दावा है कि अहमद पटेल तथा शक्ति सिंह गोहिल से मामला नहीं सुलझने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी स्वयं हस्तक्षेप करेगी।राजद के सूत्रों ने बताया है कि सोनिया गांधी से बातचीत के बाद संभवत राजद अध्यक्ष लालू यादव कांग्रेस को 68 सीटें तक दे सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी राजद और कांग्रेस में दूरियों को पाटने की कोशिश शुरू की है। बताया जा रहा कि इसका असर भी हो रहा है। यही वजह है कि जहां एक ओर राजद की ओर से कांग्रेस को दी जा रही सीटों को लेकर पार्टी ने थोड़ा लचीला रुख अपनाया है तो दूसरी ओर कांग्रेस नेता भी 80 सीटों पर दावेदारी की मांग से पीछे हटते नजर आ रहे हैं। दरअसल, दोनों ही पार्टियां ये मान रही हैं कि आगामी चुनाव में गठबंधन की भूमिका अहम हो सकती है। ऐसे में कोई भी दल रिस्क लेने के मूड में नजर नहीं आ रहा है। महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल से बातचीत की है।शक्ति सिंह गोहिल ने राजद के साथ चल रहे सीटों के तालमेल को लेकर वर्तमान स्थिति तथा पार्टी की चुनाव को लेकर तैयारियों के विषय में अवगत कराया। वहीं प्रियंका गांधी की एंट्री के बाद राजद के रवैये में भी बदलाव आया है। खबर है कि राजद जहां पहले कांग्रेस को 60 से कम सीटे देने पर अड़ी थी अब करीब 65 सीटें देने को तैयार नजर आ रही है। दूसरी ओर कांग्रेस भी 80 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की जिद को छोड़ने पर विचार कर रही है।ऐसे में माना जा रहा कि प्रियंका गांधी की रणनीतिक तैयारी की वजह से महागठबंधन में जल्द ही सुलह देखने को मिल सकती है।

You may have missed