समाज सुधार अभियान : CM नीतीश बोले- भूमि विवाद का समाधान के लिए डीएम एवं एसपी करें सतत निगरानी

  • मुख्यमंत्री ने की मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले की समीक्षात्मक बैठक

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष, मुजफ्फरपुर में समाज सुधार अभियान के अंतर्गत मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले की संयुक्त समीक्षात्मक बैठक हुई। समीक्षा के दौरान तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
नीरा उत्पादन को बढ़ावा दें
समीक्षा के दौरान सीएम नीतीश ने कहा कि हमलोगों ने बिहार के 3 जिलों में नीरा का उत्पादन का कार्य बहुत अच्छे ढंग से शुरू कराया था। कोरोना के कारण यह कार्य शिथिल पड़ गया है। नीरा का उत्पादन शुरू करायें। नीरा के व्यवसाय से आमदनी में तीन से चार गुणा की वृद्धि होगी। नीरा उत्पादन को बढ़ावा दें। नीरा उत्पादन के कार्य को बाहर के व्यापारी से भी लिंक करायें ताकि नीरा का व्यवसाय और फायदेमंद हो सके। तमिलनाडू की टीम यहां आयी थी और सर्वे के दौरान कहा था कि यहां के ताड़ के वृक्ष में तमिलनाडू की अपेक्षा नीरा उत्पादन की ज्यादा क्षमता है। उन्होंने कहा कि परंपरागत रूप से ताड़ी के कारोबार से जुड़े समुदाय को नीरा उत्पादन के लिए प्रशिक्षित करायें। नीरा के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रचार-प्रसार भी करायें।


लाभुकों के लंबित राशि का भुगतान जल्द करायें
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के उन्मूलन हेतु लगातार अभियान चलाते रहने की जरुरत है। बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के दुष्परिणामों से लोगों को अवगत करायें। उन्हें बतायें कि यह बुरी चीज है, गैरकानूनी चीज है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत लाभुकों के लंबित राशि का भुगतान जल्द से जल्द करायें। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद का समाधान के लिए डीएम एवं एसपी थाना, अनुमंडल एवं जिला स्तर पर सतत निगरानी करें। अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति के अधिनियम के मामलों में लंबित मुआवजा राशि का भुगतान जल्द करायें। हर घर नल का जल योजना का कार्यान्वयन ठीक ढ़ंग से हो इस पर नजर रखें। अगर जनप्रतिनिधि इस संबंध में कोई शिकायत करते हैं तो उसका भी समय पर जांच कर समाधान करायें। उन्होंने कहा कि बिहार में इस वर्ष 45 लाख मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


ये रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले के विधायक एवं विधान पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं, जिसके निष्पादन का मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में मंत्री सुनील कुमार, रामसूरत कुमार, जयंत राज, जमां खान, सांसद, विधायक एवं विधान पार्षद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, डीजीपी एसके सिंघल सहित संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, सचिव,मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, सूचना एवं जन संपर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुजफ्फर वैशाली, सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले के जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे। बैठक की समाप्ति के पश्चात मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

You may have missed