February 20, 2026

पटना में लॉकडाउन की आहट से खौफ में छोटे व्यापारी, बोले- इस बार दो वक्त का खाना भी होगा मुश्किल

पटना। बिहार में एक बार फिर लॉकडाउन लगने वाला है। या यूं कहें कि पाबंदियां बढ़ने वाली हैं। बिहार में अभी नाइट कर्फ्यू लगा हुआ है। सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। मॉल, सिनेमा हॉल, पार्क समेत स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। लेकिन, सोमवार को बिहार के CM नीतीश कुमार पॉजिटिव हो गए। उनके साथ ही 7 मंत्रियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सोमवार को क्राइसेस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक हुई। इस बैठक में कोरोना को लेकर सख्ती बढ़ाने पर विचार किया गया। हालांकि, सख्ती बढ़ने की खबर से व्यापारी वर्ग फिर चिंतित हो गया है। इसी बीच बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर छोटे व्यापारियों, सब्जीवालों, रिक्शा-ठेला वालों को लॉकडाउन का डर सातने लगा हैं। लोग बढ़ते संक्रमण के साथ-साथ राज्य में लगने वाले लॉकडाउन को भी लेकर काफी डरे हुए है। लोग कह रहे है की अगर इस बार लम्बा लॉकडाउन हुआ तो 2 वक़्त की रोटी के लिए भी बड़ी मुसीबत होगी।

चाय दुकानदार बोले- जीना मुश्किल हो जाएगा

चाय दुकानदार पवन राय ने बताया कि हम लोग चाय बेचने वाले छोटे दुकानदार हैं। लॉकडाउन लग जाएगा तो जीना मुश्किल हो जाएगा। कहां से खाएंगे परिवार में इतने लोग हैं तो हम लोग को चोरी-चकारी करनी पड़ेगी। वहीं, लिट्टी दुकानदार उमेश राय ने बताया कि पहले से ही बिक्री नहीं होती है लॉकडाउन में तो भूखे मर जाएंगे।

रिक्शा चालक बोले- लॉकडाउन लगेगा तो नहीं मिलेगा सवारी

रिक्शा चालक मो. ओवेस अंसारी ने बताया कि घर की स्थिति पहले से खराब है। सवारी तो अब भी नहीं मिलती है। अगर लॉकडाउन लगेगा तो और सवारी नहीं मिलेगा। कहां से खाएंगे, घर में 5 लोग हैं। खाने वाले और कमाने वाले हम अकेले हैं। वहीं, ऑटो चालक अजहर ने भी बताया कि भैया इतनी महंगाई है, सुबह से सवारी नहीं मिली। भूखे हैं अभी तक नाश्ता भी नहीं किया है। अगर लॉकडाउन लगेगा तो हम लोग क्या ही करेंगे।

सब्जी दुकानदार बोले- गल जाती हैं सब्जियां

सब्जी दुकानदार गुंजन कुमार ने भी कहा कि भैया अभी 8 बजे तक ही दुकान खोलते हैं। सब्जियां सब गल जाती हैं। सारी कच्ची सब्जियां बरबाद हो जाती हैं। लॉकडाउन लगने के बाद तो हालत और बुरी हो जाएगी। वहीं, किराना दुकानदार बादल ने बताया कि दुकानदारी एक दम फीकी हो जाएगी। कर्ज हो जाएगा।

You may have missed