February 19, 2026

कर्नाटक : दशहरे के दिन भीड़ ने मस्जिद में घुसकर लगाए जय श्रीराम के नारे, 9 पर FIR दर्ज

कर्नाटक। कर्नाटक के बीदर में दशहरे के दिन लोगों की भारी भीड़ एक मस्जिद में घुस गई। इस दौरान लोगों ने वहां ना सिर्फ ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे भी लगाए, बल्कि मस्जिद के अंदर पूजा भी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। पुलिस ने महमूद गेवान मदरसा और मस्जिद के मैदान में कथित तौर पर प्रवेश करने और नारे लगाने के आरोप में नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।वायरल वीडियो में भीड़ को मस्जिद के मैदान में प्रवेश करते दिखाया गया है। आपको बता दें कि इस मस्जिद को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के द्वारा विरासत स्थल घोषित किया जा चुका है। कथित तौर पर भीड़ 6 अक्टूबर को दशहरा पर पूजा करने के लिए वहां गई थी।

मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि भीड़ ने गेट तोड़ने की कोशिश की और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भीड़ ने वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी को धमकाया और मस्जिद की दीवार पर कचरा फेंक दिया। शिकायतकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शुक्रवार को अपना विरोध प्रदर्शन तेज करने की भी चेतावनी दी है। इसके बाद पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वही पुलिस अधीक्षक डेक्का किशोर बाबू ने कहा, “मस्जिद परिसर के अंदर एक मीनार है। दशहरे के दिन यहां आमतौर पर 2-4 लोग आते हैं लेकिन इस बार अधिक संख्या में लोग प्रवेश किए। मस्जिद में प्रवेश करने के लिए किसी ने भी अवैध रूप से ताला नहीं तोड़ा। हमने प्राथमिकी दर्ज की है और बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।”

 

 

 

You may have missed