January 27, 2026

बक्सर में जमीनी विवाद में भाभी की गोली मारकर हत्या, दो देवर ने मिलकर ली जान

बक्सर। बिहार में जमीन विवाद में हत्याओं को दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बक्सर जिले में बुधवार सुबह दो देवर ने मिलकर अपनी भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात सिकरौल थाना इलाके के पांडेयपुर गांव में अहले सुबह हुई। हत्या की वजह जमीन विवाद बताई जा रही है। मृतका की उम्र करीब 40 साल थी। वह अपने पति की हत्या के केस में जेल जा चुकी है, होली पर रिहा होकर आई थी। हत्या का आरोप मृतका के देवरों पर लगा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही सिकरौल पुलिस मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर अस्पताल बक्सर भेज दिया। वारदात सुबह पांच बजे की है। महिला अपनी बेटी के साथ शौच के लिए गांव से बाहर जा रही थी। तभी, अपने घर से कुछ दूर उसे गोली मार दी गई। महिला को सीने में दो गोली मारी गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की बेटी महिमा कुमारी ने बताया कि उसके दोनों चाचा ने मिलकर ही उसकी मां को गोली मारी। उसने विरोध किया, तो वे लोग उसे भी मारने लगे। बताया जाता है कि महिला अपने पति की हत्या के आरोप में जेल गई थी। जो 10 माह जेल में रहने के बाद बेल पर रिहा होकर होली से दो दिन पूर्व घर आई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या की अलग-अलग एंगल से जांच की जा रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।

 

You may have missed