अररिया में पुलिस हिरासत में जीजा-साली की मौत से हंगामा, लोगों ने जमकर की तोड़फोड़
अररिया। बिहार के अररिया जिले के ताराबाड़ी थाने में बीती रात पुलिस कस्टडी में नाबालिग लड़की और उसके प्रेमी जीजा मौत के बाद उग्र भीड़ ने बवाल काट दिया। पुलिस गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। थाने के पास आगजनी और पुलिस पर पथराव किया गया। हालात पर काबू पाने के लिए भारी पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है। पुलिस जहां इस घटना को आत्महत्या करार दे रही है। तो वहीं पुलिस हिरासत में मौत पर ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। कुछ लोग पुलिस पर पिटाई का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस खुलकर कुछ भी नहीं बता रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण ताराबाड़ी थाना पहुंचकर पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी की ।जानकारी मुताबिक दो दिन पूर्व ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के किस्मत खवासपुर पंचायत के वार्ड संख्या पांच के गोढ़ी टोला निवासी मंटू सिंह की नाबालिग बेटी से उसके जीजा मिंटू सिंह ने शादी कर ली थी। पत्नी मुस्कान देवी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने पति मंटू सिंह और नाबालिग बहन को पुलिस तरोना गांव से हिरासत में लिया था। मंटू की पहली शादी मुस्कान देवी के साथ से डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। घटना के बाद परिजनों ने पटेगना चौक पर सड़क जाम कर दिया है। आक्रोशितों ने थाना के बाहरी हिस्से में आग लगा दी। और पत्थरबाजी की। हालांकि पुलिस मोर्चा संभाले हुए है। लोग थाने से जीजा और नाबालिग साली के शवों को नहीं निकालने दे रहे हैं। दरअसल दो दिन पहले युवक ने 14 वर्षीय साली को भगाकर शादी कर ली थी। दोनों साथ ही रह रहे थे। उसने पहली पत्नी और एक बच्चे को छोड़ दिया था। घटना के बाद लड़की के पिता ने युवक पर नाबालिग लड़की का अपहरण कर शादी रचाने का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया था। एक दिन पहले पूर्व पत्नी ने भी थाने में शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। जहां संदिग्ध परिस्थितियों में दोनों की मौत हो गई।


