ताड़ी पर प्रतिबंध हटाने की मांग को लेकर पासी संघ द्वारा विधानसभा का घेराव, प्रशासन ने किया सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। तीसरे दिन सदन में कई अहम मुद्दे विपक्ष द्वारा उठाया गया। जिस पर सरकार की ओर से जवाब भी दिया गया। इस बीच पटना के गांधी मैदान में पासी संघ का प्रदर्शन हो रहा है। हजारों की संख्या में पासी संघ के लोग जुटे हुए हैं। जिसमें बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं शामिल है। बताया जा रहा है कि पासी समाज के लोग विधानसभा का भी घेराव करने वाले हैं। पासी संघ द्वारा बिहार विधानसभा का घेराव करने को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पासी संघ राज्य में ताड़ी पर प्रतिबंध को हटाने की मांग की मांग कर रहे हैं वहीं सरकार पर नाइंसाफी का आरोप भी लगाया है।

महिलाओं का गांधी मैदान से विधानसभा का मार्च, कहा- प्रतिबंध नहीं हटाया तो सरकार गिरा देंगे
पासी समाज की महिलाएं गांधी मैदान से प्रदर्शन करते हुए विधानसभा का घेराव करने के लिए निकल चुकी है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि दारू पर बेल है और ताड़ी पर जेल है। हम पासी समाज के बच्चे को भेड़ बकरियों की तरह जेल में ठूसा जा रहा है। महिलाओं ने बताया कि ताड़ी खोजने के नाम पर हमारे सामान को तोड़ दिया जाता है और बहू बेटियों के साथ बदतमीजी किया जाता है। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन गुंडा राज चला रहा है। महिलाओं का कहना है कि ताड़ी खोजने के नाम पर प्रशासन पेटी बक्सा खोल देता है और हमारे बच्चे को उठाकर ले जाता है। पुलिस सही से जीने नहीं देता है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं के हाथ में पोस्टर बैनर है जिसमें लिखा है कि पासी समाज के महिलाओं को जेल भेजना बंद करो नीतीश कुमार ताड़ी पर से प्रतिबंध हटाओ नीतीश सरकार। वहीं प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना है कि अपने हक़ की लड़ाई लड़ रहे हैं। युवाओं ने कहा कि ताड़ी गलत चीज नहीं है सरकार नीरा नहीं लेती है। ताड़ी पर से प्रतिबंध नहीं हटाया तो सरकार गिरा देंगे।