श्याम रजक ने पूछा-आरसीपी सिंह तथा संजय सिंह का बंगला क्यों नहीं खाली करवाते सीएम नीतीश?

पटना।जदयू को छोड़कर हाल में ही राजद में शामिल हुए पूर्व मंत्री श्याम रजक ने आज अपने सरकारी आवास को खाली करते हुए प्रदेश के सीएम नीतीश कुमार के नैतिकता पर सवाल उठाया है।सरकारी बंगला खाली करने के क्रम में मीडिया से बात करते हुए पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा है कि वे तो अपने नैतिकता के आधार पर बंगला को खाली कर रहे हैं। जबकि मंत्री पद तथा विधायक से इस्तीफा देने के उपरांत भी वे 16 सितंबर तक इस बंगले में रह सकते थे।मगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यह बताएं कि उनके सबसे खास आरसीपी सिंह,जो की राज्यसभा सांसद हैं,वे किस आधार पर बिहार सरकार के सरकारी आवास में रह रहे हैं। पूर्व मंत्री श्याम रजक ने जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि विधान पार्षद से सदस्यता खत्म होने के बावजूद संजय सिंह सरकारी बंगला में बने हुए हैं।उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार नैतिकता के नाम पर अनैतिकता करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जब स्वयं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से त्यागपत्र दिया था।तो सबको याद है कि किस कदर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के लिए मिलने वाली सुविधाओं का संशोधन किया था।उन्होंने कहा की बिहार की जनता सब देख सुन रही है।पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने करीबी लोगों के सरकारी आवास खाली क्यों नहीं करवाते हैं। उन्होंने कहा कि उनके सवालों का जवाब जदयू नहीं देगी।क्योंकि वह उनके साथ काम कर चुके हैं ।वे जानते हैं कि नैतिकता के नाम पर अनैतिकता का खेल किस कदर चलता है।
