पटना में युवक की गोली मारकर हत्या: लावारिस स्कॉर्पियो बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

पटना। राजधानी पटना के दानापुर में बदमाशों ने एक युवक की हत्या कर दी है। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने युवक का शव मिथिला कॉलोनी के पास झाड़ियों में फेंक दिया। शनिवार को शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की पहचान दीघा निवासी व चालक अमित कुमार के रूप में की गयी है। वहीं पुलिस ने मिथिला कॉलोनी से लावारिस हालत में स्कॉर्पियो बरामद की है। सीसीटीवी फुटेज में युवक को ले जाते हुए डब्बू और अविनाश उर्फ चिंटू की तस्वीर कैमरे में कैद हुई है। बताया जाता है कि, जहां मृतक की पत्नी रूबी देवी ने दीघा थाने में लिखित शिकायत की है कि गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे अमित स्कॉर्पियो लेकर घर से निकला था और वापस नहीं आया। दीघा पुलिस ने खोजबीन की तो नासरीगंज बिस्कुट फैक्ट्री रोड के प्लास्टिक फैक्टरी के सामने झाड़ी से एक शव बरामद हुआ। उसकी शिनाख्त रूबी देवी के पति अमित के रूप में की गयी। वहीं दीघा पुलिस ने इस मामले में डब्बू को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। गिरफ्तार डब्बू ने पुलिस के सामने स्वीकार किया है कि अमित को उसके स्कॉर्पियो से मिथिला कॉलोनी ले गए। वहां से पैदल लेकर जाकर गोली मारी और उसे झाड़ियों में फेंक दिया। इस वारदात में उसके साथ अविनाश उर्फ चिंटू भी शामिल था। राजधानी में हत्या, लूट और छिनतई सहित आपराधिक घटनाओं में इन दिनों काफी इजाफा हुआ हैं। वहीं दानापुर में भी अमित कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दानापुर थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि “मिथिला कॉलोनी से लावारिश हालत में एक स्कॉर्पियो बरामद किया गया है। सीसीटीवी फुटेज में अमित को ले जाते हुए डब्बू और अविनाश उर्फ चिंटू की तस्वीर कैद हुई है। डब्बू को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।”

You may have missed